नगर निकाय चुनाव कांग्रेस का सूपड़ा साफ,  प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा ने दिया इस्तीफा

    Loading

    अहमदाबाद: गुजरात (Gujarat) में हुए नगर निकाय (Municipal Corporation) और जिला पंचायत चुनाव (District Panchayat Election) में कांग्रेस (Congress) को बड़ा झटका लगा है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों (Rural Area) से भी पार्टी का सूपड़ा साफ़ हो गया है। चुनाव में मिली इतनी बुरी हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा (Amit Chavada) और विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता परेश धनानी (Paresh Dhanani) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

    इस्तीफा देने के बाद अमित चावड़ा ने कहा, “परिणाम (स्थानीय निकाय चुनाव) हमारी उम्मीदों के विपरीत हैं। हम जनता के जनादेश को स्वीकार करते हैं। मैं यहां पार्टी अध्यक्ष के रूप में हार स्वीकार करता हूं। हम लोगों के लिए काम करना जारी रखेंगे।”

    ज्ञात हो कि, गुजरात की 81 नगरपालिकाओं, 31 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों में हुए आए परिणाम में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो तिहाई से ज्यादा सीटों सीटों पर अपना कब्ज़ा कर लिया है। वहीं कांग्रेस को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। वहीं पहली बार चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी और एआईएमआईएम ने शानदार प्रदर्शन किया है। बीते रविवार को 60% से अधिक वोटिंग दर्ज की गयी थी।

    शाम चार बजे तक आए परिणाम के अनुसार 

    शाम चार बजे तक आए परिणामों में तहसील पंचायत चुनाव में भाजपा ने कुल 4774 सीटों में से 2720 सीटों पर कब्ज़ा कर लिया है। वहीं कांग्रेस को 994 सीटों पर जीत मिली है। पहली बार चुनाव लड़ रही आप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 27 सीटों पर जीत दर्ज किया है। 91 सीटों पर निर्दलीयों को जीत मिली है। 

    जिला पंचायत चुनाव की 980 सीटों में से भाजपा को जहां 651 सीटों पर जीत मिली हैं, वहीं कांग्रेस 137 सीट पर ही सिमट गई है। वहीं नौ सीटों पर निर्दलीयों का कब्ज़ा हुआ है। इसी के साथ नगर परिषद चुनव में भी भाजपा को शानदार प्रदर्शन करते हुए 2720 सीटों में से 1762 सीट पर कब्ज़ा किया है। वहीं कांग्रेस को 320 सीट मिली है।