File
File

    Loading

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में पिछले 24 घंटों के दौरान 22439 नए लोगों में कोविड-19 (Covid-19) संक्रमण की पुष्टि हुई जोकि अब तक एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं। वहीं, इस घातक वायरस (Corona Virus) से 114 मरीजों की मौत (Death) हो गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण के 22439 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में राज्य में सामने आया सबसे बड़ा आंकड़ा है।

    इससे पहले बुधवार को प्रदेश में 20510 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोविड-19 संक्रमित 114 और मरीजों की मौत हो गई। यह भी प्रदेश में अब तक एक ही दिन में मौत के मामलों की सबसे अधिक संख्या है। इससे पहले 15 सितंबर 2020 को 113 मरीजों की मौत हुई थी। राज्य में अब तक 9480 मरीजों की कोविड-19 से मृत्यु हो चुकी है।

    उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 4222 मरीज ठीक भी हुए हैं जबकि राज्य में इस वक्त 129848 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि बुधवार को प्रदेश में 206000 नमूनों की जांच की गई। प्रदेश में अब तक तीन करोड़ 75 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच हो चुकी है।