लता मंगेशकर अभी भी ICU में, जल्द ठीक होने के लिए करें प्रार्थना: डॉ. प्रतीत समदानी

    Loading

    मुंबई: प्रसिद्ध बॉलीवुड पार्श्व गायिका लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) कोरोना पॉज़िटिव आने के बाद अस्पताल में भर्ती है, जहां उनकी हालत स्थिर है। 92  वर्षीय गायिका को संक्रमन  के बाद 9 जनवरी को दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।  उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में बताते हुए डॉ प्रतीत समदानी ने कहा, “लता जी अभी भी आईसीयू में हैं, हम यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि वह जल्द ठीक हो जाएं। उनके ठीक होने की प्रार्थना करें।”

    इससे पहले उनकी प्रवक्ता अनुषा श्रीनिवासन अय्यर ने एक बयान में बताया कि, ‘‘लता दी की हालत स्थिर है। डॉक्टरों से अनुमति मिलने के बाद उन्हें घर लाया जाएगा।” दो दिन पहले कहा जा रहा था कि लता मंगेशकर की हालत ठीक नहीं है। उनकी प्रवक्ता ने इन खबरों को गलत बताया था।

    अनुषा ने कहा था ‘‘यह देख कर व्यथा होती है कि झूठी खबर फैलाई जा रही है। कृपया ध्यान दें कि लता दीदी की हालत स्थिर है। वह आईसीयू में ही हैं और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। कृपया प्रार्थना करें कि वह जल्दी ठीक हो जाएं और घर लौट आएं।” 

     उल्लेखनीय है कि, सुर साम्राज्ञी और भारत की स्वर कोकिला कहलाने वाली लता मंगेशकर ने अपने करियर की शुरुआत 1942 में की थी। तब उनकी उम्र मात्र 13 साल थी। उन्होंने अलग अलग भाषाओं में 30,000 से अधिक गीत गाए हैं।