मनसुख मंडाविया (Photo Credits-ANI Twitter)
मनसुख मंडाविया (Photo Credits-ANI Twitter)

    Loading

    नई दिल्ली: देश में कोरोना महामारी (Corona Virus) की तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। लगातार नए मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। इसी बीच, मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया (Dr. Mansukh Mandaviya) ने 9 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के साथ कोरोना और टीकाकरण प्रगति के लिए स्वास्थ्य तैयारियों की समीक्षा की।  बैठक के दौरान स्वास्थ्य  मंत्री ने राज्यों को सलाह दी कि कोविड जांच और टीकाकरण का डेटा समय से भेजें। 

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा कि, इस समय बड़ी संख्या में लोग घर पर ही होम आइसोलेशन का ऑप्शन चुन रहे है। ऐसे में राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के मुताबिक उनकी निगरानी की जानी चाहिए। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, लद्दाख, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री शामिल रहे। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि, उन राज्यों में कोरोना जांच बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए, जिसमें हाल ही की दिनों में कमी देखी गई है।

    देश में 2,55,874 नए मामले आए सामने 

    उल्लेखनीय है कि, स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के ढाई लाख से अधिक मरीज सामने आए है। जबकि 614 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना संक्रमण दर 15.2 फीसदी है। वहीं, कोरोना के सक्रिय  मामलों की संख्या 22 लाख से अधिक हैं। राहत की बात यह है कि 2,67,753 लोग  महामारी से ठीक हुए हैं। 

    देश में मौजूदा समय में कोविड के 22,36,842 एक्टिव केस हैं। अब तक इलाज के बाद 3,70,71,898 लोग रिकवर हुए हैं। जबकि कोरोना की चपेट में आने से 4,90,462 लोगों की मौत हुई है। देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 1,62,92,09,308 पहुंच गया है।