मुंबई में बारिश से हाल बेहाल, IMD ने 9 जुलाई तक जारी किया रेड-ऑरेंज अलर्ट

    Loading

    मुंबईः मुंबई सहित महाराष्ट्र में हो रहे लगातार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सहित ठाणे, कोकण, रायगढ़ आदि में हो रहे लगातार बारिश से जन-जीवन प्रभावित हुआ है। लगातार पिछले 3 दिन से हो रही वर्षात से जहां एक तरफ सडकों पर गढ्ढे हो गए हैं तो वही मुंबई के कई इलाको में जल जमाव हो रहा है। मौसम विभाग ने मुंबई सहित आसपास के 5 जिलों में रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

    इसके अलावा बारिश के चलते मुंबई के घाटकोपर, ठाणे , कल्याण सहित अन्य इलाको में लैंडस्लाइड भी हुआ है। जगह-जगह जल भराव के चलते ट्रैफिक जाम हो रहा हे। मुंबई में भारी बारिश के कारण पवई झील के ऊपर से पानी ओवरफ्लो होकर बह रहा है। मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट की माने तो मुंबई सहित आसपास के जिलों में 9 जुलाई तक ऑरेंज व रेड अलर्ट जारी है, विभाग ने अभी और भारी बारिश होने संभावना जताई है।

    आपको बता दें कि, बीते मंगलवार को जोरदार बारिश हुई है। उपनगरीय मुंबई में 100 मिलीमीटर से अधिक तो पश्चिम उपनगर बांद्रा में 139 मिलीमीटर, मोरल में 136 मिमी, पूर्वी उपनगर के चेंबूर में 145 मिमी, विक्रोली में 164 मिमी तथा घाटकोपर इलाके में 138 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। खबर के अनुसार हर वर्षात की तरह इस बार भी किंग्स सर्कल, माटुंगा, हिंदमाता, मिलन सबवे और गांधी मार्केट जैसे अन्य क्षेत्रों में पानी भराव से बाढ़ जैसा नजारा देखा जा रहा है। जिससे एक बार फिर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के पानी भरने के दावों  की पोल खुल गई है।

    विदित है कि, बारिश के चलते कल घाटकोपर के पंचशील नगर में भी लैंडस्लाइड हुआ था। इसके अलावा शहर में बारिश के कहर से 11 दीवारें गिरें तथा 13 पेड़ गिरने का शिकायत प्रशासन को मिली जिसके बाद राहत बचाव की टीम ने काम किया। नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य में वर्षात को देखते हुए मंगलवार को आला अधिकारीयों के साथ बैठक कर वर्षात से निपटने की चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था करने का आदेश दिया था। आपको बता दें कि, नई मुंबई, ठाणे, मुंबई सहित अन्य इलाकों में हो रहे लगातर बारिश को देखते हुए प्रशासन, एनडीआरएफ की टीम किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अलर्ट पर है।