Mulayam Singh Yadav
File Pic

    Loading

    नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (SP) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) को वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि सपा संरक्षक के लिए 24 घंटे बेहद अहम हैं और उनकी स्थिति की लगातार मॉनिटिरिंग की जा रही है। इस बीच, समाजवादी पार्टी के नेता राकेश यादव ने कहा कि, मुलायम सिंह यादव की सेहत स्थिर है। आज उनका ऑक्सीजन लेवल थोड़ा कम हुआ लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक चिंता की कोई बात नहीं है। उनका रूटीन चेकअप रोजाना हो रहा है

    वहीं, सूत्रों के हवाले से पता चला है कि, पीएम नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से बात की और मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी संभव सहायता की जरूरत है, वह मदद के लिए वहां मौजूद हैं। 

    मुलायम सिंह की सेहत पर विरोधी पार्टियों बीजेपी और कांग्रेस ने भी चिंता जताई है। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

    सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की खराब सेहत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्वीट करते हुए लिखा, ‘श्री मुलायम सिंह जी की ख़राब सेहत का समाचार प्राप्त हुआ। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’ 

    यूपी भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भी चिंता जताई। उन्होंने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी के अस्वस्थ होने की सूचना प्राप्त हुई।मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’

    यूरिन इन्फेंक्शन से पीड़ित

    गौरतलब है कि, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव पिछले एक महीने से मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, रविवार को उनका ऑक्सीजन का स्तर कम हो जाने की वजह से उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। वह डॉ. नरेश त्रेहन और सुशीला कटारिया की देखरेख में हैं। जानकारी के अनुसार, मुलायम सिंह यूरिन इन्फेंक्शन से पीड़ित है। उनके तबीयत बिगड़ने की खबर सुनने के बाद उनके बेटे अखिलेश यादव, बहुएं डिंपल यादव और अपर्णा यादव उनसे मिलने दिल्ली पहुंचे।