मनोरंजन

Published: Jul 15, 2021 09:34 AM IST

Dishul Weddingराहुल वैद्य अपनी दुल्हनिया दिशा परमार के हाथों की मेहंदी देख खुद को गाना गाने से रोक नहीं पाए

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Photo: Instagram

मुंबई: बिग बॉस से मशहूर हुए राहुल वैद्य (Rahul Vaidya) ने शो में अपनी गर्लफ्रेंड दिशा परमार (Disha Parmar) को सबसे सामने शादी के लिए प्रपोज किया था। राहुल वैद्य और दिशा परमार के शादी की खबर के बाद से ही कपल के फैंस उनकी शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लंबे इंतजार के बाद अब 16 जुलाई को बिग बॉस 14 फेम सिंगर राहुल वैद्य गर्लफ्रेंड दिशा परमार से शादी करने जा रहे हैं। जोड़े ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिये दी थी। अब सोशल मीडिया पर दिशा परमार की मेहंदी लगवाते हुए फोटोज और वीडियोज सामने आए हैं। वहीं एक वीडियो में जिसमे दुल्हेराजा राहुल अपनी होने वाली दुल्हन दिशा परमार के हाथों की मेहंदी देखने के लिए उनके मेहंदी फंक्शन में पहुंच गए। इस दौरान इस खूबसूरत कपल ने मीडिया के लिए न सिर्फ मुस्कुराते हुए पोज़ दिए बल्कि राहुल ने दिशा के लिए एक रोमांटिक गाना भी गाया। 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आप देख सकते हो राहुल ने दिशा के लिए ‘मेहंदी लगा के रखना डोली साजा के रखना’ गाना गाया है। अपने होने वाले पति का यह रोमांटिक अंदाज़ देख दिशा शरमाती हुई नजर आई हैं। यह दोनों लव बर्ड्स सबके सामने एक दूसरे को गले लगाते हैं। वहीं दिशा परमार पिंक कलर के सूट में नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस के चेहरे पर ग्लो साफ नजर आ रहा है। एक्ट्रेस ने मेहंदी के लिए तैयार होते हुए की एक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो शेयर की। साथ ही उन्होंने लिखा, ‘तो शुरुआत हो चुकी है।’ राहुल के कपड़े भी दिशा से मैच हो रहे हैं। राहुल ने हरे रंग का रेशमी कुर्ता पायजामा पहना है। इस ट्रेडिशनल लुक में वह काफी हैंडसम लग रहे हैं। 

अब सोशल मीडिया पर दिशा परमार की मेहंदी लगवाते हुए फोटोज सामने आ रही हैं। साथ ही कुछ बूमेरैंग वीडियोज भी वायरल हो रहे हैं, जिसमें उन्हें जूलरी और पिंक आउटफिट में देखा जा सकता है। आसपास फूलों से सजावट हुई है। बैकग्राउंड में ‘दुल्हनिया’ लिखा है। राहुल वैद्य भी शादी की शॉपिंग खत्म कर चुके हैं। 13 जुलाई को सिंगर को एक रिटेल स्टोर के बाहर स्पॉट किया गया था, जिसमें उन्हें आखिरी मिनट की शॉपिंग करते देखा गया था। 

बता दें कि राहुल के दोस्त जैस्मिन भसीन और अली गोनी भी संगीत नाइट के लिए तैयारी कर रहे हैं. दोनों ही ड्रेस फिटिंग्स को लेकर व्यस्त नजर आए। दोनों ही संगीत पर राहुल और दिशा के लिए एक डांस परफॉर्मेंस देने वाले हैं। कोविड-19 को देखते हुए इस शादी में केवल करीबी लोग और दोस्त ही शामिल होंगे।  साथ ही परिवार की मौजूदगी होगी। दिशा परमार और सिंगर राहुल वैद्य 16 जुलाई को मुंबई के एक बड़े फाइव स्टार होटल (Five Star Hotel)में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।