मनोरंजन

Published: Aug 04, 2020 04:49 PM IST

फडणवीस रेणुका अमृता फडणवीस पर भड़की रेणुका शहाणे, कहा-'सुशांत की मौत का राजनीतिकरण न करें'

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई. बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में हर कोई अपनी प्रतिक्रिया दे रहा है। मामले के राजनीतिकरण होने की बातें तेज होने से, अब महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने इस मामले पर ट्वीट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी। लेकिन,अमृता फडणवीस का ट्वीट करना शायद बॉलीवुड एक्ट्रेस रेणुका शहाणे को पसंद नहीं आया।

दरअसल, सोमवार को अमृता फडणवीस ने सुशांत के लिए जस्टिस की मांग करते हुए ट्वीट किया था। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा था कि, ‘जिस हिसाब से सुशांत सिंह राजपूत के मौत के मामले को हैंडल किया गया, मुझे लगता है कि मुंबई ने अपनी इंसानियत खो दी है और अब ये शहर मासूम, स्वाभिमानी लोगों के रहने के लिए सुरक्षित नहीं है।’

रेणुका शहाणे ने अमृता फडणवीस के इस ट्वीट को री-ट्वीट करते हुए कहा, ‘ये आप कैसे कह सकती हैं। यह वही मुंबई शहर है, जो लाखों लोगों का घर चलाता है। यह शहर लोगों को सपने देता है और यही नहीं बिना Z सिक्यॉरिटी के भी मुस्कान देता है। मुंबई पुलिस हमें सुरक्षित रखने के लिए लगातार कोरोना काल मे 24 घंटे काम कर रही है। इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर इस तरह के ट्वीट न करें। अगर ऐसा कोई मामला आपके पति के कार्यकाल में होता तब भी क्या आप इस तरह की बात कर, सवाल खड़े करतीं।’  

रेणुका शहाणे ने अगले ट्वीट में कहा, ‘कृपया सुशांत की दुखद मौत का राजनीतिकरण न करें, इसका उपयोग मुंबई में बदमाशों और लोगों के लिए करें। आपके पास पुलिस की मदद करने की शक्ति है।’