टेलीविजन

Published: Feb 27, 2024 03:04 PM IST

Untold Stories Of Ramayanभगवान राम की अनसुनी कहानियों पर आधारित रामायण लेकर आ रहे हैं रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: रामानंद सागर की रामायण के प्रसारण छोटे पर्दे का मास्टरपीस धारावाहिक माना जाता है। हालांकि इसके बाद भी कई लोगों ने रामायण पर कई शोज बनाए, लेकिन उससे रामायण की लोकप्रियता पर कोई फर्क नहीं पड़ा। आज भी जब रामायण की बात होती है तो दर्शक रामानंद सागर की रामायण को ही तवज्जो देते हैं। अब उन्हीं रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर भगवान राम की अनसुनी कहानियों पर एक और नया शो लेकर आ रहे हैं।

खबरों की मानें तो प्रेम सागर की ‘रामायण’ रामानंद सागर की ‘रामायण’ से काफी अलग होगी। इसमें कई ऐसी बातें भी बताई जाएगी, जिसके बारे में कम ही लोगों को पता हो। ये बात प्रेम सागर ने एक इंटरव्यू के दौरान बताई। उन्होंने कहा कि, ‘वह रामायण पर सीरियल लाना चाह रहे हैं और यह उनके पिता की ‘रामायण’ से बिलकुल अलग होगा। मसलन रावण की मौत के बाद रावण के परिवार का क्या हुआ ये शायद ही किसी को पता हो! या फिर रावण ने अपनी बहन सूर्पनखा के पति की हत्या क्यों की थी ये भी किसी को नहीं पता! इस रामायण में ऐसे ही प्रसंगों को समेटा जाएगा।’

प्रेम सागर के अनुसार, ‘ये रामायण सीता, हनुमान या श्री राम के सबसे बड़े भक्त कागभुषुंडी के दृष्टिकोण से बनाया जा सकता है। इस रामायण में आधा कौवा और आधा इंसान बनाना काफी चुनौतीपूर्ण होगा। हम एक अलग तरह की रामायण की योजना बना रहे हैं।’ इसके अलावा प्रेम सागर ने इस शो के लिए दो गाने भी लिखे हैं। जिसमें श्री राम के गुणों का गुणगान और उनके कर्तव्यों का पालन करने समेत उनसे जुड़ी कई अनकही बातें बताई जाएंगी।

अरुण गोविल इस रामायण का हिस्सा होंगे या नहीं, इस पर प्रेम सागर ने बताया कि ‘राम’ के किरदार के लिए किसी नए चेहरे को कास्ट किया जाएगा। इसके लिए एक अभियान शुरू किया गया है। वहीं, सुनील लहरी और दीपिका चिखलिया को कास्ट करने पर कहा गया कि सुनील लहरी ने शो करने से इनकार कर दिया है। अगर दीपिका चिखलिया शो का हिस्सा बनती हैं तो उन्हें खुशी होगी। प्रेम सागर की ‘रामायण’ का प्रसारण दूरदर्शन पर होगा।