देश

Published: Jun 13, 2023 01:22 PM IST

Anurag ThakurTwitter के पूर्व CEO के आरोप को अनुराग ठाकुर ने बताया झूठ, बोले- जैक डोर्सी अपने काले कारनामों पर परदा डालना चाहते हैं

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Photo Credits-ANI Twitter)

शिमला: ट्विटर (Twitter) के सह-संस्थापक और पूर्व सीईओ जैक डोर्सी (Jack Dorsey)  के भारत द्वारा दबाव वाले दावे के बयान पर भारत के केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने प्रतिक्रिया दी है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो कहा गया है वो सफेद झूठ है। वर्षों की नींद के बाद जागे जैक डोर्सी, अपने काले कारनामों पर परदा डालना चाहते हैं। जब दूसरे व्यक्ति द्वारा ट्वीटर को खरीदा गया तब ट्विटर फाइल्स में खुलासा हुआ कि किस तरह इस प्लैटफॉर्म का दुरुपयोग किया जाता था और पक्षपात किया जाता था। जब भारत में चुनाव आते हैं तब कई सारी विदेशी ताकते जागती हैं। उनका प्रयास दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में विघ्न पैदा करना होता है।  

क्या है मामला?
ट्विटर के सह-संस्थापक और पूर्व सीईओ जैक डोर्सी  ने हाल ही में एक इंटरव्यू में  आरोप लगते हुए कहा कि देश में किसानों के प्रदर्शन के दौरान भारत सरकार ने ट्विटर पर दबाव डाला था। और सरकार की कहना नहीं मानने पर भारत में ट्विटर को बंद करने, उसके कर्मचारियों के घरों पर छापे मारने की धमकियां दी गयी थीं। जैक डोर्सी के इस आरोप के बाद सियासी गलियारों में हलचल मच गया। वहीं कांग्रेस इसे भुनाने में जुटी है। कांग्रेस राजनीतिक रूप से सरकार को घेरने में लगी है। तो दूसरी तरफ केंद्र सरकार ने इन आरोपों को सरासर झूठ बतलाया है। 

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री चंद्रशेखर ने क्या कहा 
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि ट्विटर एक ऐसी कंपनी है जिसका मानना है कि भारतीय कानून का पालन करना उनके लिए आवश्यक नहीं है। उनका मानना था कि उन्हें भारतीय कानून का पालन नहीं करना है और जैसे-जैसे वह आगे बढ़ती गई उन्होंने अपने नियम बनाए। भारत सरकार शुरू से ही भारत में काम करने वाली सभी कंपनियों के लिए बहुत स्पष्ट रही है कि उन्हें हमेशा भारतीय कानून का पालन करना होगा।