देश

Published: Dec 23, 2021 01:40 PM IST

Ayodhya Land Dealप्रियंका गांधी ने कहा-राम मंदिर के आसपास की जमीन पर हुई लूट, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो जांच

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
प्रियंका गांधी वाड्रा (Photo Credits-ANI Twitter)

नई दिल्ली: अयोध्या (Ayodhya Land Deal) में जमीन खरीद मामले पर कांग्रेस आक्रामक है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने जमीन खरीद में घोटाले का आरोप लगाया है। साथ ही प्रियंका ने कहा कि राम मंदिर के चंदे के पैसों के साथ घोटाला किया गया है। गांधी ने कहा कि राम मंदिर के आसपास की जमीन पर लूट हुई है। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में मामले की जांच जांच हो। 

ज्ञात हो कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि दलितों की जो जमीन खरीदी नहीं जा सकती थी वो खरीदी व हड़पी गई और कुछ जमीनें ट्रस्ट को बहुत ज़्यादा पैसों के लिए बेची गईं। चंदे के पैसों के साथ घोटाला किया गया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के आसपास की जमीन पर लूट लगी हुई है, भाजपा के नेता, पदाधिकारी और सरकारी अधिकारी लूट में मिले हुए हैं। भगवान राम नैतिकता के प्रतीक थे और आप उनके नाम पर भी भ्रष्टाचार कर रहे हैं, पूरे देश की आस्था पर चोट पहुंचा रहे हैं। 

प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ​इसमें जांच करने के लिए कहा है, इसमें जांच ज़िलाधिकारी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। ट्रस्ट सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बनाया गया था इसलिए जांच भी सुप्रीम कोर्ट के स्तर पर की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लखीमपुर कांड हो या अयोध्या का जमीन घोटाला। इससे सरकार की मंशा दिखती है। लखीमपुर में किसी अधिकारी की हिम्मत नहीं है कि मंत्री की जांच कर सके। अयोध्या में जिले के अधिकारियों को जांच सौंपने का मतलब है कि आप जांच नहीं होने देना चाहते।

वाड्रा ने कहा कि राम मंदिर के लिए गरीबों ने चंदा दिया है। पूरे देश की आस्था का प्रश्न है। इसकी नैतिक जिम्मेदारी सिर्फ योगी आदित्यनाथ की नहीं है। इसकी जिम्मेदारी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी है। उन्हें इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।