देश

Published: May 26, 2023 05:16 PM IST

BJP vs Congressकांग्रेस के सवालों पर BJP का पलटवार, कहा- 'कांग्रेस के 9 सवाल...बेशर्मी की पराकाष्ठा है'

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Photo: Twitter

नई दिल्ली: केंद्र की पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार (BJP Government) को 9 साल पूरे हो गए है। वहीं, कांग्रेस (Congress) ने  9 साल पूरे होने पर मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए 9 सवाल पूछे हैं। अब इन सवालों पर बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद (Ravi Sankar Prasad) ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने जो 9 सवाल पूछे हैं लेकिन वो झूठ का पुलिंदा हैं। ये कांग्रेस की बेशर्मी की पराकाष्ठा है।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “आप आलोचना कीजिए, लेकिन आलोचना में आप देश के अंदर के संकल्प को कमजोर मत कीजिए, यह बहुत बड़ा अपमान है… उन लाखों सेवा कर्मियों का, डॉक्टर, नर्सेस, सफाई कर्मचारी, एम्बुलेंस चलाने वालों का… जिन्होंने कोविड काल में देश को बचाने की कोशिश की।”

डिजिटल पेमेंट का आंकड़ा 10 बिलियन डॉलर

प्रसाद ने आगे कहा, “आज भारत, दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। आज 16 हजार करोड़ रुपये का डिफेंस एक्सपोर्ट हो रहा है। भारत मोबाइल मैन्यूफेक्चरिंग में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मैन्यूफेक्चरर बन गया है। भारत में डिजिटल पेमेंट का आंकड़ा 10 बिलियन डॉलर का है। आज विकास के हर क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगर ये सब कांग्रेस को नहीं दिखता है, तो कोई क्या कर सकता है।”

कांग्रेस ने अपने लिए 4C ग्रेडिंग चुनी

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहीं कांग्रेस करप्शन पर सवाल पूछ रही है, जिसके शासनकाल में 2G घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, आदर्श घोटाला, बोफोर्स, अंतरिक्ष घोटाला, हेलिकॉप्टर घोटाला जैसे… कितने बड़े-बड़े घोटाले हुए। कांग्रेस ने अपने लिए 4C ग्रेडिंग चुनी है-  कट,  कमीशन, करप्शन और कांग्रेस। यही है कांग्रेस।

यह है मामला?

गौरतलब है कि, केंद्र में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर सबसे पुरानी पार्टी की ओर से सांसद जयराम रमेश ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान रमेश ने एक बुकलेट भी जारी कर कहा, “हमारी पार्टी पीएम मोदी से 9 सवाल पूछ रही है, हम जानना चाहते हैं कि इन सवालों का जवाब देने के लिए वो कब चुप्पी तोड़ेंगे।”