देश

Published: Apr 05, 2024 09:01 AM IST

BJP Foundation Day कल BJP मनाएगी अपना स्थापना दिवस, 1.63 लाख बूथों में जोरदार तैयारी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली/लखनऊ: एक बड़ी खबर के अनुसार BJP आगामी 6 अप्रैल यानी शनिवार को प्रदेश के सभी 1.63 लाख बूथों पर अपना स्थापना दिवस मनाएगी। इस बाबत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने बीते गुरुवार को हुई वर्चुअल बैठक में स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

अपनी पार्टी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, बैठक में पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, विधानसभा प्रभारी और संयोजक तथा स्थापना दिवस समारोह के ज़िला संयोजक उपस्थित रहे।

BJP प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने यह भी कहा कि इस बार स्थापना दिवस कार्यक्रम आम चुनाव के बीच में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, “इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी को आम जनता के बीच जाकर फिर से मोदी जी की सरकार बनाने के लिए BJP के पक्ष में वोट करने की अपील करनी है।”

वहीँ प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने कहा कि स्थापना दिवस का कार्यक्रम सभी बूथों पर मनाया जाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी भी अपने बूथों पर रहकर स्थापना दिवस कार्यक्रम मनायेंगे। इसके बाद बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क अभियान चलाना है।

वहीँ पदयात्रा निकालकर BJP के पक्ष में मतदान की अपील की जाएगी और लोगों से घरों पर पार्टी का झंडा लगाने का अग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, मोदी सरकार की उपलब्धियों और भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील से संबंधित पर्चे भी बांटे जाने हैं। BJP पार्टी अधिकारियों ने बताया कि, सभी बूथों पर कार्यक्रम की तैयारियों को भी पूरा कर लिया गया है।