देश

Published: Mar 21, 2024 12:50 PM IST

Congress Bank Accountsअकाउंट फ्रीज होने पर छलका कांग्रेस का दर्द, बोले सोनिया, राहुल और खरगे- पोस्टर तक छपवाना मुश्किल, 2 रुपये भी नहीं कि ले सकें सियासी टिकट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली: आज यानी गुरूवार 21 मार्च को, लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections 2024) के लिए जारी सियासी जंग के बीच कांग्रेस (Congress) ने बैंक अकाउंट फ्रीज करने का बड़ा मुद्दा उठाया। इस बाबत आज पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। 

आज कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इस मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि, हमारे खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। ऐसे करना असल में सत्ताधारी दल का खतरनाक खेल है। BJP ने खुद तो हजारों करोड़ भर लिए और हमारे बैक अकाउंट फ्रीज कर दिए हैं।

इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, ‘भारत पूरी दुनिया में लोकतंत्र, मूल्यों और आदर्शों के लिए जाना जाता है। बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इलेक्टोरल बॉन्ड की सच्चाई सामने निकलकर आई है। किसी भी लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव आवश्यक होता है। सभी के लिए लेवल प्लेइंग फील्ड होनी चाहिए, समान अवसर होने चाहिए।’

उन्होंने कहा कि, “सुप्रीम कोर्ट ने चुनावी बॉन्ड को गैरकानूनी और असंवैधानिक कहा है, उसी की मदद से मौजूदा सत्ताधारी दल ने हज़ारों करोड़ रुपए अपने अकाउंट में भर लिया है और दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है। जिससे हम पैसे के अभाव से बराबरी से चुनाव न लड़ पाएं। ऐसे में जो भारत की छवि थी उस पर प्रश्न चिन्ह उठ गया है। हम बराबरी से चुनाव ना लड़ पाएं इसलिए हमारे खाते सीज कर दिए हैं। एक राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने में बाधा उत्पन्न कर खतरनाक खेल खेला गया है। हर तरफ सिर्फ इनका ही विज्ञापन लगा है, उसमें भी मोनोपोली है।”

वहीं आज कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि, “कांग्रेस द्वारा लोगों से इकट्ठा किए गए पैसे को फ्रीज कर दिया गया है। इस चुनौतिपूर्ण स्थिति में भी हम अपना तरफ से प्रभावी चुनाव प्रचार के हर संभव प्रयास कर रहे हैं। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के पैसे पर जानबूझकर हमला किया जा रहा है। यह सरासर अलोकतांत्रिक है।”

इसी बीच आज अजय माकन ने कहा कि, हमारे खातों को फ्रीज करने के समय को देखें। हमें 2017-18 में 199 करोड़ का दान मिला, लेकिन 7 साल बाद, 13 फरवरी 2024 को 210.25 करोड़ का ग्रहणाधिकार चिह्नित किया गया, हमारे बैंक खाते लगभग सील ही कर दिए गए, और बाद में, 115.32 करोड़ जबरन जब्त कर लिए गए। हमारे 11 खाते फ्रीज कर दिए गए।वो भी चुनावों की घोषणा से सिर्फ 3 हफ्ते पहले।

इसके साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी आज पार्टी के अकाउंट्स फ्रीज करने के लिए केंद्र सरकार पर जमकर हमला करते हुए दावा किया कि, “देश में लोकतंत्र नहीं है। दुनिया सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश होने की बात झूठी है। भारत की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के पास 2 रुपये नहीं है कि वह नेताओं की मदद कर सके। यहां तक कि टिकट खरीदने के पैसे भी नहीं हैं।”