देश

Published: Mar 20, 2022 11:25 AM IST

Cyclone Asaniअंडमान-निकोबार के तट से आज टकरा सकता है चक्रवात 'आसनी', NDRF के तगड़े इंतजाम

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली. एक बड़ी खबर के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवर्ती तूफान ‘आसनी’ (Asani) के आज अंडमान-निकोबार के तट से टकराने की पूरी संभावना है। इसके चलते इंडियन कोस्ट गार्ड ने बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप पर सभी नाविकों और मछुआरों के लिए एक जरुरी चेतावनी जारी की है और उन्हें समुद्र में नहीं जाने के लिए कहा है। 

इस बाबत भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार अल सुबह बताया था कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर (Andaman Sea) के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) अब एक डिप्रेशन (Depression) में बदल गया है और अगले 24 घंटों के दौरान इसके गहरे डिप्रेशन (Deep Depression) में तब्दील होकर और अधिक तीव्र होने की प्रबल संभावना है।

वहीं आईएमडी (IMD) ने पहले ही अनुमान जताया है कि यह गहरा डिप्रेशन बीते 21 मार्च को एक चक्रवाती तूफान में तेज होकर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के तट पर पहुंचेगा। इसके बाद इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और 22 मार्च को उत्तरी म्यांमार के दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश तटों के पास पहुंचने की अपार संभावना है। 

इधर तूफान के चलते पोर्ट ब्लेयर और आसपास के द्वीपों के बीच चलने वाले सभी जहाजों को समुद्र में जाने से फिलहाल रोक दिया गया है। साथ ही यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर 03192-245555/232714 और टोल-फ्री नंबर – 1-800-345-2714 भी जारी किया है। उधर, अंडमान-निकोबार प्रशासन बचाव और राहत अभियान के लिए NDRF के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात कर दिया गया है।