देश

Published: Feb 24, 2022 02:16 PM IST

Russia-Ukraine Conflict Updatesयूक्रेन में भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए MEA के कंट्रोल रूम का किया गया विस्तार, 24 घंटे संचालन होगा; देखें Video

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Photo:Twitter/@ANI

नई दिल्ली: रूस (Russia) के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (President Vladimir Putin) के गुरुवार को यूक्रेन (Ukraine) में सैन्य अभियान (Army Operation) की घोषणा के बाद भारत यूक्रेन में मौजूद अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर तरफ से तैयारियां पूरी करने में जुट चुका है। ऐसे में भारतीय एम्बेसी (Indian Embassy) ने भी अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर यूक्रेन में मौजूद सभी भारतीयों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। इस बीच किसी भी तरह की सहायता और इन्क्वायरी के विदेश मंत्रालय ने ख़ास तैयारियां शुरू कर दी हैं। 

एएनआई के अनुसार, दिल्ली में विदेश मंत्रालय के कंट्रोल रूम का विस्तार किया जा रहा है और यूक्रेन में मौजूद भारतीय छात्रों और अन्य भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम को 24×7 आधार पर चालू किया जा रहा है। 

इसके अलावा गुरुवार को पुतिन के रूस की सेना के सैन्य ऑपरेशन के बाद, यूक्रेन में भारतीय एम्बेसी ने भी एडवाइजरी जारी की है। भारत ने इसमें कहा है कि, वे सभी जो कीव की यात्रा कर रहे हैं, जिनमें कीव के पश्चिमी भागों से यात्रा करने वाले लोग भी शामिल हैं, उन्हें अस्थायी रूप से अपने-अपने शहरों में लौटने की सलाह दी जाती है, विशेष रूप से, पश्चिमी सीमावर्ती देशों के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की सलाह है।

बता दें कि, रूस ने यूक्रेन पर सैन्य ऑपरेशन की घोषणा की है जिसके कुछ देर बाद रूस ने कहा कि, उसने यूक्रेन की सेना की हवाई रक्षा संपत्तियों और सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि, रूस के हमलों ने ‘‘यूक्रेन की सेना के हवाई रक्षा संपत्तियों को नष्ट कर दिया है, साथ ही यूक्रेन के सैन्य ठिकानों के बुनियादी ढांचों को नेस्तनाबूद कर दिया है।

इस बीच, यूक्रेन की सेना ने कहा कि, उसने रूस के पांच विमानों को मार गिराया है। यूरोपीय संघ ने कहा कि यूक्रेन पर आक्रमण के ‘‘रूस पर व्यापक और गंभीर परिणाम होंगे” और जल्द ही उस पर अधिक प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। वहीं : रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेज़निकोव ने कहा है कि, ‘जो कोई भी हथियार के इस्तेमाल करने के लिए सक्षम है, वह रक्षा बलों के रैंक में शामिल हो सकता है।’