देश

Published: Dec 11, 2022 02:59 PM IST

CM Oath Ceremonyहिमाचल में कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा, जश्न के बीच सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

शिमला: हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में इस समय जश्न का माहौल है। लंबे  समय के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल है। इसी बीच सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) और पार्टी नेताओं राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे तमाम नेताओं की उपस्थिति में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 

वहीं मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की मौजूदगी में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। हिमाचल प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह के लिए रिज ग्राउंड में काफी संख्या में समर्थक पहुंचे हैं। समर्थकों में जश्न का माहौल है।

इस मौके पर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हम सभी खुश हैं, इन्होंने बहुत मेहनत की है यह खुशी की बात है। सुक्खू को पार्टी ने मौका दिया है। हिमाचल में पार्टी ने जो भी वादे किए हैं हमें उम्मीद है कि सुक्खू उन्हें पूरा करेंगे। यह एक सकारात्मक बदलाव है। यहां के लोग कांग्रेस को हमेशा से चाहते हैं। 

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज तो मौसम भी बहुत खुशनुमा हो गया है। आज शपथ ग्रहण समारोह भी बेहद शानदार होगा। नेता, कार्यकर्ता में जश्न का माहौल है। एक नई शुरुआत हो रही है। हिमाचल के साथ आने वाला वक्त और बी मज़बूत होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रदेश की अध्यक्ष, नेता और सारे कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की। यह जनता की जीत है। एक एक करके सारे काम होंगे। यह किसी एक व्यक्ति की जीत नहीं है। सबने एक होकर काम किया और यह उसका परिणाम है।  

मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मां संसार देवी ने कहा समाज और प्रदेश की तरक्की हो यही कामना है। मुझे बेहद खुशी महसूस हो रही है।  वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि मैं औपचारिक तौर पर एक मुलाकात करने के लिए यहां पहुंची थी। विक्रमादित्य सिंह जी का मंत्री बनना लगभग तय है। हम इकट्ठे प्रदेश में कार्य करेंगे, हमें मिलकर चलना है।