देश

Published: Aug 19, 2023 09:55 AM IST

Adani Groupएलन मस्क, जेफ बेजोस, मुकेश अंबानी... से ज्यादा गौतम अडानी ने की कमाई, फिर से पहुंचे टॉप लिस्ट में

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

नई दिल्ली: अडानी (Adani Group) शुक्रवार को दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अरबपति रहे। इसके साथ ही वह अमीरों की लिस्ट में दो स्थान की छलांग लगाते हुए एक बार फिर टॉप 20 में पहुंच गए हैं। शुक्रवार को दुनिया के टॉप 10 रईसों में से नौ की नेटवर्थ में गिरावट आई। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन ग्रुप की सभी दस लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में तेजी रही। इसकी बदौलत अडानी ने दोनों हाथों से कमाई की। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक, कल के दिन उनकी नेटवर्थ में 2.92 अरब डॉलर यानी करीब 24281 करोड़ रुपये का उछाल आया। 

फरवरी के बाद अडाणी ग्रुप के शेयर में आया उछाल
अडाणी ग्रुप के शेयर में इतना उछाल फरवरी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है। अडानी ग्रुप के शेयरों की उछाल की वजह एक रिपाेर्ट बताई जा रही है। इसमें दावा किया गया था कि आबू धाबी की नेशनल एनर्जी कंपनी PJSC (TAQA) अडानी ग्रुप में 2.5 अरब डॉलर का निवेश करने जा रही है। बस फिर क्या था, मार्केट खुलते ही अडानी ग्रुप के शेयर रॉकेट बन गए। कई कंपनियों के शेयरों में कारोबार के दौरान 12 फीसदी तक तेजी आई। हालांकि बाद में अडानी ग्रुप ने सफाई दी कि उसकी TAQA के साथ ऐसी कोई बातचीत नहीं चल रही है। लेकिन तब तक काम हो चुका था। इसके साथ ही अडानी ग्रुप का मार्केट कैप 11 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। 

दुनिया में टॉप 20 में और एशिया में दूसरे नंबर पर पहुंचे अडानी
अडानी 63.8 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 20वें नंबर पर आ गए हैं। इसी के साथ अब वह एशिया में रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के बाद दूसरे नंबर पर हैं। चीन के झोंग शैनशैन इस लिस्ट में अब तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। चीन के झोंग शैनशैन की नेटवर्थ में शुक्रवार को 1.05 अरब डॉलर की गिरावट आई। अडानी एक समय दुनिया के अमीरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए थे। लेकिन 24 जनवरी को अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट के कारण उनकी नेटवर्थ में काफी गिरावट आई। इस साल उन्होंने 56.7 अरब डॉलर गंवाए हैं।