देश

Published: Sep 30, 2022 09:17 AM IST

Vande Bharat Expressआज देश को मिलेगी तीसरी वंदे भारत ट्रेन, PM मोदी दिखाएंगे झंडी, जानें ये क्यों है ख़ास

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Pic: Social Media

नई दिल्ली. सुबह की बड़ी खबर के अनुसार, आज देश को तीसरी स्वदेश निर्मित हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) ट्रेन मिलने जा रही है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) गांधीनगर से मुंबई सेंट्रल (Gandhi Nagar To Mumbai Central) के बीच नए और उन्नत संस्करण वाले ट्रेन को हरी झंडी दिखाने जा रहे हैं। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे राज्यमंत्री दर्शना जरदोष भी उपस्थित रहेंगे। 

तय कार्यक्रम के अनुसार, PM मोदी सुबह करीब साढ़े 10 बजे गांधीनगर कैपिटल रेलवे स्टेशन से ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाएंगे। वह अहमदाबाद के गांधीनगर से कालूपुर रेलवे स्टेशन जाने वाली ट्रेन में यात्रा भी करेंगे।

पता हो कि,  पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को बीते 15 फरवरी, 2019 को नई दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-वाराणसी मार्ग पर हरी झंडी दिखाई गई थी। तब से सरकार ने ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। वहीं बीते 15 अगस्त, 2021 को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में, PM नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के 75 सप्ताह के दौरान 75 वंदे भारत ट्रेनें देश के हर कोने को जोड़ने वाली है।

वंदे भारत एक्सप्रेस: क्यों है खास 

गौरतलब है कि देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वर्तमान में दो रूटों नई दिल्ली से कटरा (माता श्री वैष्णो देवी) और नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चल रही है। वहीं इसी साल की शुरुआत में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी खजुराहो से वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की एक महत्वपूर्ण घोषणा की थी। ऐसे में जल्द ही ये ट्रेनें पूरे देश में चलेंगी। इसी कड़ी में आज गुजरात की राजधानी गांधीनगर और महाराष्‍ट्र की राजधानी मुंबई के बीच शुरू की जा रही नई वंदे भारत एक्सप्रेस देश की तीसरी वंदे भारत ट्रेन है।