देश

Published: Mar 16, 2024 01:22 PM IST

Indian Navy Braveryनौसेना पर सुमद्री लुटेरों की फायरिंग, नेवी ने तोडा गुरुर! क्रू मेंबर्स को छोड़ने और सरेंडर करने पर किया मजबूर, देखें Video

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नयी दिल्ली: भारतीय नौसेना (Indian Navy) ने सोमालिया के पूर्वी तट पर जहाजों के अपहरण के सोमालियाई समुद्री डाकुओं के एक प्रयास को विफल कर दिया। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि समुद्री डाकू उस जहाज पर सवार थे जिसका करीब तीन महीने पहले अपहरण किया गया था।

नौसेना ने कहा, ‘‘समुद्र में अपहरण के कृत्यों को अंजाम देने के लिए एमवी रुएन का समुद्री डाकुओं के जहाज के रूप में इस्तेमाल किये जाने की जानकारी है। इस जहाज का 14 दिसंबर को सोमालिया के समुद्री डाकुओं ने अपहरण कर लिया था।”

उसने बताया कि भारतीय नौसेना के एक युद्धपोत ने 15 मार्च को इस जहाज का पीछा किया। नौसेना ने बताया कि जहाज से युद्धपोत पर गोलीबारी की गई और भारतीय जहाज की ओर से आत्म रक्षा में और नौवहन तथा नाविकों को समुद्री डाकुओं के खतरे से बचाने के लिए आवश्यक न्यूतनम बल के साथ समुद्री डकैती से निपटने के वास्ते अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार कार्रवाई की गई।

नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘‘जहाज पर सवार समुद्री डाकुओं से आत्मसमर्पण करने तथा उनके द्वारा बंधक बनाए जहाज तथा नागरिक को रिहा करने का आह्वान किया गया।” इसमें कहा गया है, ‘‘भारतीय नौसेना इस क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और नाविकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।”