देश

Published: Sep 27, 2020 10:26 AM IST

निधनपूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नयी दिल्ली. पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंत सिंह (Jaswant Singh) का लंबी बीमारी के बाद रविवार को यहां निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (NarendraModi) और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने निष्ठापूर्वक भारत की सेवा की और उन्हें राजनीति तथा समाज से संबंधित मामलों में उनके अद्वितीय दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा। सिंह पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी माने जाते थे।

Jaswant Singh Ji served our nation diligently, first as a soldier and later during his long association with politics. During Atal Ji’s Government, he handled crucial portfolios and left a strong mark in the worlds of finance, defence and external affairs. Saddened by his demise.

— Narendra Modi (@narendramodi) September 27, 2020

पूर्व सैन्य अधिकारी सिंह अगस्त 2014 में अपने घर में गिरने के बाद से बीमार थे। उन्हें सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस साल जून में उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

प्रधानमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, ”जसवंत जी को राजनीति तथा समाज से संबंधित मामलों में उनके अद्वितीय दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने भाजपा को मजबूती देने में भी योगदान दिया। मैं उनके साथ हुए संवाद को याद कर रहा हूं। मेरी ओर से उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।” रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जसवंत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राजनाथ ने कहा कि जसवंत सिंह ने निष्ठापूर्वक भारत की सेवा की।