देश

Published: Mar 24, 2024 09:55 PM IST

Lok Sabha Elections 2024कंगना रनौत हिमाचल की मंडी से लडेंगी चुनाव, मेरठ से अरुण गोविल ठोकेंगे ताल, BJP ने 111 उम्मीदवारों की पांचवी लिस्ट की जारी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के लिए 111 उम्मीदवारों की पांचवी लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) को मंदी लोकसभा क्षेत्र (Mandi Lok Sabha Seat) से टिकट दिया है। जबकि, मेरठ लोकसभा क्षेत्र (Meerut Lok Sabha Seat) से अभिनेता अरुण गोविल (Arun Govil) को उम्मीदवार घोषित किया है।

भाजपा ने सीता सोरेन को दुमका और नवीन जिंदल को कुरूक्षेत्र से टिकट दिया है। जबकि, पार्टी ने पटना साहिब से रवि शंकर प्रसाद और बेगुसराय से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को मैदान में उतारा है। भाजपा ने राजमुंदरी से डी पुंडेश्वरी, मुजफ्फरपुर से राज भूषण निषाद, पाटलीपुत्र से राम कृपाल यादव को टिकट दिया है। भाजपा ने उजियारपुर से नित्यानंद राय, बेलगाम से जगदीश शेट्टार, चिक्काबल्लापुर से के सुधाकरन, संबलपुर से धर्मेंद्र प्रधान, बालासोर से प्रताप सारंगी, पुरी से संबित पात्रा, भुवनेश्वर से अपराजिता सारंगी को टिकट देकर भरोसा जताया है।

भाजप ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का बक्सर से टिकट काटा गया है। उनकी जगह बक्सर से मिथिलेश तिवारी को टिकट दिया है। पार्टी ने छेदी पासवान को भी टिकट नहीं दिया गया है, उनकी जगह शिवेश राम उम्मीदवार होंगे। वहीं, मुजफ्फरपुर से अजय निषाद का भी टिकट काटा गया है।

भाजपा ने उम्मीदवारों की पांचवीं लिस्ट में पश्चिम बंगाल की 19, ओडिशा की 18, बिहार की 17, उत्तर प्रदेश की 13, राजस्थान की 7, आंध्र प्रदेश की 6, गुजरात की 6, हरियाणा की 4, कर्नाटक की 4, केरल की 4, झारखंड की 3, महाराष्ट्र की 3, हिमाचल प्रदेश की 2, तेलंगाना की 2, सिक्किम की 1, मिजोरम की 1 और गोवा की 1 लोकसभा सीट पर उम्मीदवार की घोषणा की है।

इससे पहले, भाजपा ने 2 मार्च को 195 लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, लेकिन इनमें से दो- भोजपुरी गायक व अभिनेता पवन सिंह और उत्तर प्रदेश के उपेंद्र रावत ने विवाद पैदा होने के बाद अपने नाम वापस ले लिये थे। इसके बाद, भाजपा ने 13 मार्च को 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, 21 मार्च को 9 उम्मीदवारों की तीसरी सूची और 22 मार्च को 16 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी। इस प्रकार पार्टी ने अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए अब तक 401 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।

उल्लेखनीय है कि देश में 18वीं लोकसभा के लिए 19 अप्रैल से चुनाव शुरू होंगे और एक जून तक सात चरणों में मतदान होगा। जबकि, मतगणना चार जून को होगी।