देश

Published: Oct 05, 2022 11:12 PM IST

Mulayam Singh Yadav Health UpdateICU में एडमिट मुलायम की तबीयत का जायजा लेने पहुंचे लालू यादव, बोले- हालत में हो रहा सुधार

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Photo: ANI/ Twitter

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव बीते अगस्त महीने से मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। लम्बे समय से यही पर उनका उपचार चल रहा है। बीते शनिवार को उनकी तबीयत अधिक खराब की वजह से उन्हें जनरल वार्ड से आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव बुधवार को मेदांता अस्पताल पहुंचे। लालू ने वहां भर्ती पूर्व सीएम मुलायम सिंह के स्वास्थ्य का जायजा लिया। लालू प्रसाद यादव ने बताया कि, मुलायम जी की हालत में सुधार हो रहा है। उन्होंने मीडिया से कहा कि, मैं उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।

मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव बीते लगभग डेढ़ महीने से अस्पताल में ही भर्ती हैं। शनिवार को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। वह खाना भी नहीं खा रहे हैं। उन्हें पाइप के जरिए लिक्विड डाइट दी जा रही है। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

पीएम मोदी ने फोन कर जाना था मुलायम सिंह का हाल

सूत्रों के मुताबिक, बीते दिनों पीएम नरेंद्र मोदी ने भी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बात कर उनके पिता मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। उन्होंने यह भी कहा कि, जो भी संभव सहायता की जरूरत है, वह हर प्रकार की मदद के लिए मौजूद हैं।