देश

Published: Aug 13, 2022 12:13 PM IST

Maharashtra Cabinetशिंदे खेमे में दरार! मंत्री नहीं बनाए जाने पर इस विधायक ने ट्वीट कर की उद्धव की तारीफ

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: महाराष्ट्र में सियासी जंग (Maharashtra Politics) मानों ख़त्म होने के नाम ही नहीं ले रहा है। लंबे इंतजार के बाद सीएम एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने कैबिनेट (Maharashtra Cabinet) का विस्तार किया। लेकिन, अब मंत्रिमंडल बांटने के बाद शिंदे के कुछ विधायक नाराज नज़र आ रहे हैं। जिसे देखकर ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि शिंदे सरकार में भी दरार दिखाई दे रही है। 

दरअसल, औरंगाबाद से 3 बार विधायक संजय शिरसाट (Sanjay Shirsat) मंत्री न बनाए जाने पर नाराज हैं। उन्होंने अपनी नाराजगी जताते हुए उद्धव ठाकरे की तारीफ़ में ट्वीट कर दिया है। अपने ट्वीट में शिरसाट ने उद्धव ठाकरे को “महाराष्ट्र का कुटुंब प्रमुख” बताया है।

PIC: Twitter

हालांकि, महज़ 10 मिनट बाद ही संजय शिरसाट ने ट्वीट डिलीट कर दिया और बाद में सफाई देते हुए इस ट्वीट को तकनीकी खराबी बताया है। वहीं, एक मराठी न्यूज चैनल से बात करते हुए शिरशाट ने कहा कि शिंदे समूह में हम सभी बहुत खुश हैं।

बता दें कि, औरंगाबाद पश्चिम विधायक संजय शिरसाट ने महाराष्ट्र में सियासी जंग में बागी तेवर दिखाते हुए एकनाथ शिंदे का साथ दिया था। शिंदे खेमे में वह शुरू से ही शामिल थे, जिसे देखकर ऐसा लग रहा था कि, मंत्रिमंडल में उन्हें भी लिए पद दिया जा सकता है। उन्होंने मंत्री पद नहीं मिलने को लेकर कहा कि, ‘मेरी नाराजगी स्वाभाविक है। मैं 38 साल से राजनीति में हूं और मुझे मंत्री पद मिलना चाहिए था। हालांकि वह ट्वीट तकनीकी कारण से हुआ है। मैं कहीं नहीं जा रहा हूं। मैं जो बोलता हूं सीधे बोलता हूं।’

गौरतलब है कि, महाराष्ट्र में कैबिनेट का विस्तार हो गया है, लेकिन विवाद अभी भी जारी है। सूत्रों की मानें तो विभाग के बंटवारे को लेकर एकनाथ शिंदे और बीजेपी (BJP) में खींचतान जारी है। सबसे अधिक आलोचना मंत्रिपरिषद में किसी भी महिला को शामिल न किए जाने पर हो रही है।