देश

Published: Dec 02, 2022 08:30 AM IST

Sidhu Moosewala Murder Case सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में मिली बड़ी कामयाबी, मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ कैलिफोर्निया में हुआ गिरफ्तार

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Pic: Social Media

नई दिल्ली. पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मर्डर केस (Siddhu Moosewala Murder Csae) में एक बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ (Goldy Barad)_ को अमेरिका के कैलिफोर्निया में हिरासत में ले लिया गया है। मिली जानकारी और सूत्रों के मुताबिक, गोल्डी को बीते 20 नवंबर या इससे पहले ही डिटेन किया गया है। हालांकि अभी तक इसके बारे में कैलिफोर्निया पुलिस ने औपचारिक तौर पर कोई भी बड़ा बयान नहीं दिया है। 

लेकिन इस बाबत खबर, रॉ और अन्य भारतीय खुफिया एजेंसियों को मिल गई है। जिसके बाद वह लगातार अमेरिकी एजेंसियों से संपर्क साध रही हैं। यह भी खबर है कि, गोल्डी बराड़ के खिलाफ उसके पहले ही 2 पुराने पेंडिंग केसों में रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है। इसके चलते वह कुछ दिन पहले ही कनाडा से राजनीतिक शरण के लिए कैलिफोर्निया कि तरफ भागा था।

जानकारी दें कि, पंजाबी सिंगर मूसेवाला के कत्ल के वक्त गोल्डी बराड़ कनाडा में ही रह रहा था। लेकिन मूसेवाला के कत्ल के बाद गोल्डी सीधे ही भारतीय खुफिया एजेंसियों और मूसेवाला के फैंस के निशाने पर आ गया। उसे इस बात का भी डर था कि कहीं कोई उसके ठिकाने का पता इन एजेंसियों को न बता दे। इसके चलते  वह कुछ समय पहले कनाडा से अमेरिका के कैलिफोर्निया की फ्रेसनो (FRESNO) सिटी भाग निकला था। वहां जाकर उसने 2 वकीलों की मदद से राजनीतिक शरण लेने की भी भरपूर कोशिश की थी।

पता हो कि, मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की बीते 29 मई को मानसा के गांव जवाहरके में गोलियों से छलनी कर उनका कत्ल कर दिया गया था। उस वक्त मूसेवाला अपनी थार जीप में सवार हो अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, कुल 6 शूटरों ने मूसेवाला को गोलियां मारी थीं। जिनमें से अब तक 4 गिरफ्तार हो गए। वहीं 2 को पंजाब पुलिस ने अमृतसर के अटारी में एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। गोल्डी बराड़ इसी हाई प्रोफाइल हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।