देश

Published: Jun 18, 2023 07:33 AM IST

Weather Updateआज से मानसून सक्रिय, IMD का अलर्ट, दिल्ली-NCR समेत इन 28 राज्यों में बारिश, 9 में लू का 'कहर'

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Pic

नई दिल्ली. दिल्ली वालों के लिए रहत भरी खबर। जी हां, दिल्ली-NCR में आज भी गर्मी से राहत मिलने की बड़ी उम्मीद है और यहां अब आंधी (Thunderstorm) के साथ बारिश (Rain) हो सकती है। वहीं IMD के मुताबिक आगामी 18 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 38 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। 

इसके साथ ही IMD के अनुसार आगामी 19 से 22 जून के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय और पूर्वी भारत के कुछ और हिस्सों और आसपास के इलाकों में मानसून (Monsoon) के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अब और भी अनुकूल हो रही हैं। वहीं आज दक्षिण-पूर्व राजस्थान और मेघालय में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही IMD चक्रवाती तूफ़ान बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) के चलते पूर्वी राजस्थान में बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

IMD की मानें तो आज पश्चिम राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं गुजरात, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश हो सकती है। जबकि उत्तराखंड में कई जगहों पर तेज आंधी (के साथ ओले (Hail) गिरने की भी प्रबल संभावना है।

MP-छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी बारिश का अनुमान 

IMD के अनुसार आज हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम मध्य प्रदेश, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग जगहों पर बिजली, तेज आंधी और गरज के साथ तेज बारिश होने की उम्मीद है।

लू का कहर 

लेकिन इसके साथ ही आज भी देश के कई हिस्सों में भयंकर लू का कहर जारी रहने वाला है। वहीं IMD ने छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में गंभीर लू (Heat Wave) के हालात बनने की संभावना जताई है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल, झारखंड, विदर्भ, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना के अलग-अलग इलाकों में भी आज लू चलने की उम्मीद है।