देश

Published: Jul 14, 2022 12:43 PM IST

Oldest Train of Indiaये है भारत की सबसे पुरानी ट्रेन, 110 सालों से कर रही लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का काम

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नयी दिल्ली: दुनिया का चौथा और एशिया का दूसरा सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क (Indian Railway) भारत का है। भारतीय रेलवे में हजारों ट्रेनें चलती हैं। भारत की कई ट्रेनें अपनी खासियत के चलते दुनिया में फेमस हैं। भारतीय रेलवे का इतिहास काफी सालों पुराना है। कई सालों से भारतीय रेलवे का सफर शुरू है। लेकिन, क्या आपको पता है कि, भारत की सबसे पुरानी (Oldest Train Of India) ट्रेन कौन सी है? तो चलिए आज हम आपको बताते है कि, अपने देश की सबसे पुरानी ट्रेन कौन सी है। 

भारत की सबसे पुरानी ट्रेन पंजाब मेल ट्रेन (Punjab Mail) है। यह ट्रेन 110 साल से लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचा रही है। इस ट्रेन की शुरुआत 1 जून 1912 को हुई थी। तभी से यह ट्रेन लोगों को उनकी मंजिल तक पहुँचने में मदद कर रही है। इस साल 1 जून को इस ट्रेन को 110 साल पूरे हो गए हैं। आज भी इस ट्रेन की स्पीड 110 किलोमीटर प्रतिघंटा है। 

साल 1912 में भारत में अंग्रेजों की हुकूमत थी। उस समय यह ट्रेन मुंबई के बंदरगाह पर स्थित बलार्ड पायर मोल स्टेशन (Ballard Pier Mole) से पेशावर (Peshawar) के बीच चलती थी। उस समय यह इकलौती ऐसी ट्रेन थी, जो पेशावर से मुंबई तक चलती थी।

शुरुआत में इस ट्रेन में सिर्फ अंग्रेजी अफसर और ब्रिटिश कर्मचारी ही सफर करते थे। लेकिन, 1930 में इस ट्रेन को सबके लिए खोल दिया गया। हालांकि, 1947 में भारत और पाकिस्तान अलग होने के बाद इस ट्रेन को छोटा किया गया। इसके बाद से ‘पंजाब मेल ट्रेन’ को पंजाब के फिरोजपुर से मुंबई के लिए चलाया जाने लगा। ‘पंजाब मेल ट्रेन’ कोयले से चलत थी और मुंबई से पेशावर तक की 2496 किलोमीटर की दूरी 47 घंटे में तय करती थी।