देश
Published: Jan 20, 2022 03:05 PM ISTPM Modi at Brahma Kumaris Eventदुनिया भारत को सही रूप में जाने ये हमारा दायित्व: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को धूमिल करने के लिए बहुत कुछ चलता रहता है, ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि दुनिया भारत को सही रूप में जाने। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को राजनीति कहकर पल्ला नहीं झाड़ा जा सकता। मोदी ने कहा,’ ये राजनीति नहीं है, ये हमारे देश का सवाल है।’
प्रधानमंत्री मोदी माउंट आबू स्थित ब्रह्म कुमारीज संस्थान द्वारा आयोजित ‘आजादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर’ कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह को ऑनलाइन संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी इस बात के साक्षी रहे हैं कि भारत की छवि को धूमिल करने के लिए किस तरह अलग-अलग प्रयास चलते रहते हैं। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बहुत कुछ चलता रहता है।”
मोदी ने कहा, ‘‘इससे हम यह कहकर पल्ला नहीं झाड़ सकते कि ये सिर्फ राजनीति है। ये राजनीति नहीं है, ये हमारे देश का सवाल है। जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो ये भी हमारा दायित्व है कि दुनिया भारत को सही रूप में जाने।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रह्म कुमारीज जैसी संस्थाएं इस काम को आगे बढ़ाने में योगदान कर सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी संस्थाएं जिनकी अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति है, वे दूसरे देशों के लोगों तक भारत की सही बात को पहुंचाएं, भारत के बारे में जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, उनकी सच्चाई वहां के लोगों को बताएं, उन्हें जागरूक करें, ये भी हम सबका कर्तव्य है।”
मोदी ने कहा, ‘‘हमारे और राष्ट्र के सपने अलग-अलग नहीं हैं। हमारी निजी व राष्ट्रीय सफलताएं अलग-अलग नहीं हैं। राष्ट्र की प्रगति में ही हमारी प्रगति है। हमसे ही राष्ट्र का अस्तित्व है और राष्ट्र से ही हमारा अस्तित्व है। यह बोध नए भारत के निर्माण में हम भारतवासियों की सबसे बड़ी ताकत बन रहा है।”कार्यक्रम को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी संबोधित किया। (एजेंसी)