देश

Published: Sep 25, 2022 11:40 AM IST

Mann ki Baatमन की बात' में बोले PM मोदी- चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम होगा शहीद भगत सिंह के नाम पर, मांगा चीतों के नामांकरण पर सुझाव

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Pic

नई दिल्ली. अब से कुछ देर पहले, प्रधानमंत्री मोदी (PM Narendra Modi) ने मन की बात में ऐलान किया है कि,जल्द ही चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह (Shaheed Bhagat Singh) के नाम पर रखा जाएगा। उनके अनुसार यह फैसला आगामी 28 सितंबर को भगत सिंह की जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लिया गया है।

इस बाबत आज PM मोदी ने कहा कि, “भगत सिंह जी की जयंती के ठीक पहले उन्हें श्रद्धांजलि स्वरुप एक महत्वपूर्ण निर्णय किया है। यह तय किया है कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम अब शहीद भगत सिंह जी के नाम पर रखा जाएगा। इसकी लम्बे समय से प्रतीक्षा की जा रही थी। मैं चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और देश के सभी लोगों को इस निर्णय की बहुत-बहुत बधाई देता हूं|”

गौरतलब है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी रविवार को ‘मन की बात’ के 93वें संस्करण को संबोधित किया।  आज PM मोदी ने कहा कि चीतों के आने से देश के 130 करोड़ लोग खुश हैं, गर्व से भरे हुए हैं।  सचमुच यह भारत का प्रकृति प्रेम है।  इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने चीतों के नामकरण के बारे में भी आज लोगों से सवाल किया। 

आज अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, क्या हम इन सभी चीतों के नामकरण के बारे में भी सोच सकते हैं कि इनमें से हर एक को किस नाम से बुलाया जाए? उन्होंने कहा, “मेरी आप सभी से अपील है कि आप इस प्रतियोगिता में जरुर भाग लीजिए, क्या पता इनाम स्वरुप चीते देखने का पहला अवसर आपको ही मिल जाए।”

इसके साथ ही PM मोदी ने कहा कि, “आज 25 सितंबर को देश के प्रखर मानवतावादी, चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिन मनाया जाता है। उनके विचारों की खूबी यही रही है उन्होंने अपने जीवन में विश्व की बड़ी  उथल-पुथल को देखा था। वे विचारधाराओं के संघर्षों के साक्षी बने।”