देश
Published: Nov 18, 2021 10:01 AM ISTThe Sydney Dialogue'द सिडनी डायलॉग' में बोले PM नरेंद्र मोदी- डिजिटल क्रांति की जड़े लोकतंत्र से जुड़ीं, ये बदल रही लोगों की जिंदगी
नयी दिल्ली. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ‘द सिडनी डायलॉग’ (The Sydney Dialogue) में भारत के प्रौद्योगिकी विकास और क्रांति के विषय पर कार्यक्रम को संबोधित किया है। अपने इस संबोधन के दौरान इस PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की डिजिटल क्रांति की जड़ें लोकतंत्र में निहित हैं। इसके साथ ही PM मोदी ने कहा कि देश में डिजिटल तकनीक से अब लोगों की जिंदगी बदल रही है।
गौरतलब है कि सिडनी डायलॉग 17-19 नवंबर, 2021 तक आयोजित किया जा रहा है। यह ऑस्ट्रेलियाई सामरिक नीति संस्थान की एक बड़ी पहल है। आइये आपको बताते हैं कि PM नरेंद्र मोदी ने आज क्या कहा।
- आज PM मोदी ने शुरुआत करते हुए कहा कि, भारत के लोगों के लिए बड़े सम्मान की बात है कि आपने मुझे सिडनी डायलॉग के संबोधन के लिए आमंत्रित किया। मैं इसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उभरती डिजिटल दुनिया में भारत की केंद्रीय भूमिका की मान्यता के रूप में देखता हूं।
- उन्होंने ये भी कहा कि, डिजिटल युग हमारे चारों ओर सब कुछ बदल रहा है। इसने राजनीति, अर्थव्यवस्था और समाज को फिर से परिभाषित किया है।यह संप्रभुता, शासन, नैतिकता, क़ानून, अधिकारों और सुरक्षा पर नए सवाल उठा रहा है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा, शक्ति और नेतृत्व को नया आकार दे रहा है।
- उनका ये भी कहना था कि, प्रौद्योगिकी वैश्विक प्रतिस्पर्धा का प्रमुख साधन बन गई है, ये भविष्य की अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को आकार देने की कुंजी है। प्रौद्योगिकी और डेटा नए हथियार बन रहे हैं। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत खुलापन है। हमें वेस्टर्न इंटरेस्ट के स्वार्थों को इसका दुरुपयोग नहीं करने देना चाहिए।
- इसके बाद PM मोदी ने कहा कि, एक लोकतंत्र और डिजिटल लीडर के रूप में भारत अपनी साझा समृद्धि और सुरक्षा मे भागीदारों के साथ काम करने के लिए तैयार है। भारत की डिजिटल क्रांति लोकतंत्र, जनसांख्यिकी और अर्थव्यवस्था के पैमाने में निहित है। यह हमारे युवाओं के उद्यम और इनोवेशन से संचालित है।
गौरतलब है कि इसके पहले, ऑस्ट्रेलिया के पीएम स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि, “ऑस्ट्रेलिया-भारत के बीच बहुत ही गहरी दोस्ती है, समय के साथ हमारे संबंध और भी आगे बढ़ेंगे। हम अंतरिक्ष, विज्ञान, डिजिटल प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में बहुत प्रगति कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए सम्मान की बात है कि आज PM मोदी इस ‘सिडनी डायलॉग’ को संबोधित कर रहे हैं।’’ बता दें कि सिडनी डायलॉग ऑस्ट्रेलियाई सामरिक नीति संस्थान की एक बड़ी पहल है। जो कि आगामी 17-19 नवंबर, 2021 तक आयोजित किया जा रहा है।