देश

Published: Feb 24, 2024 01:08 PM IST

UP Newsबार-बार केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आ रही और आपकी बेरोजगारी बढ़ रही है, न्याय यात्रा में बोलीं प्रियंका गांधी वाड्रा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा

मुरादाबाद: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyaya Yatra) आज यानी शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले (Moradabad) में है। इस यात्रा में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के साथ कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) भी शामिल हुईं। वह रैली को संबोधित करती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बार-बार केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आ रही है, आपकी बेरोजगारी बढ़ रही है।

अत्याचार करने वालों के घर नहीं चलता बुलडोजर

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “बार-बार केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आ रही है, आपकी बेरोजगारी बढ़ रही है। 2 साल पहले किसान आंदोलन कर रहे थे, आज भी किसान आंदोलन कर रहे हैं। तब भी उनकी सुनवाई नहीं थी आज भी नहीं है। जब-जब इनका बुलडोजर चलता है तो किसके घरों में चलता है? जिसने 6 किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचला क्या उसके घर पर बुलडोजर चला? जिसने महिलाओं के साथ अत्याचार किया उसके घर पर बुलडोजर चला?

एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाया जाता है

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में कांग्रेस पार्टी के सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आपको कहा जाता है कि भाइयों और बहनों एक दूसरे से नफरत करो एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाया जाता है, एक जात को दूसरी जात से लड़ाया जाता है, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाया जाता है, फिर आपका धन 24 घंटा आपसे लूटा जाता है। अग्निवीर योजना लाई गई क्योंकि 90% आबादी का रास्ता बंद करना था।