देश

Published: Apr 03, 2022 11:11 AM IST

Karauli Communal Violenceराजस्थान : करौली में सांप्रदायिक हिंसा के बाद तनाव के चलते कर्फ़्यू, स्थिति नियंत्रण में

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Pic: Twitter

नई दिल्ली/करौली. एक अन्य बड़ी खबर के अनुसार राजस्थान (Rajasthan) के करौली (Karauli) शहर में बीते शनिवार को हिंदू कैलेंडर के तहत नए साल के पहले दिन नव संवत पर भड़की मुस्लिम बहुल इलाके से गुजरने वाली एक मोटरसाइकिल पर पथराव के बाद भयंकर हिंसा भड़क गई। जिसके बाद अब यहाँ कर्फ्यू लगा दिया गया है। 

वहीं इस दंगों में करीब 35 लोगों के घायल होने की खबर है जिसमें से 3 की हालत फ़िलहाल गंभीर बनी हुई है। वही एक घायल शख्स को जयपुर रेफर कर दिया गया है जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

पुलिस : स्थिति अब नियंत्रण में

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) हवा सिंह घूमरिया ने बताया कि शनिवार को हुई हिंसा के सिलसिले में 36 लोगों को हिरासत में लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। पुलिस ने रविवार को बताया कि राज्य की राजधानी जयपुर से 170 किलोमीटर दूर करौली में अफवाहों को फैलने से रोकने के लिये मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। 

साथ ही पुलिस ने बताया कि करौली शहर में शनिवार को नव संवत्सर के उपलक्ष्य में मोटरसायकिल रैली जब मुस्लिम बहुल इलाके से गुजर रही थी तभी कुछ शरारती तत्वों ने पथराव किया, इसके बाद हिंसा फैल गई और उपद्रवियों ने कुछ दुकानों और मोटरसायकिलों को आग के हवाले कर दिया। इससे कई दुकानें, वाहन और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गये।

उन्होंने बताया कि हिंसा में घायल हुए 35 लोगों में से नौ को करौली के जिला अस्पताल में और गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को जयपुर के सवाईमान सिंह चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार रात को ही घर भेज दिया गया था। पुलिस ने बताया कि एक दल हिंसा में हुई संपत्ति के नुकसान का आकलन कर रहा है। 

Courtsey: Shilpa Thakur

राज्यपाल  ने जानी स्थिति

राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिस महानिदेशक एम एल लाठेर से शनिवार को स्थिति के बारे में जानकारी ली थी और आमजन से शांति बनाये रखने की अपील की थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक स्तर के 50 अधिकारियों सहित कुल 600 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है और भारतीय पुलिस सेवा के चार अधिकारी को जयपुर से करौली भेजा गया है।

CM गहलोत ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

इस घटना के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि उन्होंने पुलिस को उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने साथ ही कहा, “मैं आम जनता से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करता हूं।”

साथ ही गहलोत ने पुलिस महानिदेशक को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये थे। उन्होंने कहा था कि हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, सिख और अन्य सभी समुदायों को राज्य में शांति और विकास का माहौल बनाने में योगदान देने और अपनी रचनात्मक भूमिका निभाने का आवश्यकता हैं।