देश

Published: Sep 11, 2023 09:56 AM IST

TDP Chief N Chandrababu Naiduपूर्व सीएम एन चंद्रबाबू नायडू सेंट्रल जेल में कैद, दी जाएगी VIP सुविधा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

राजामहेंद्रवरम: तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू (N Chandrababu Naidu) को विजयवाड़ा (Vijayawada Court) की एक अदालत द्वारा करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार मामले में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद रविवार देर रात राजामहेंद्रवरम केंद्रीय कारागार (Rajamahendravaram Central Jail) ले जाया गया। यह  जानकारी अधिकारियों ने  दी। 

चंद्रबाबू नायडू को रविवार देर रात  लाया गया राजामहेंद्रवरम सेंट्रल जेल
अधिकारी ने बताया कि नायडू विजयवाड़ा से पूर्वी गोदावरी जिले के राजामहेंद्रवरम तक लगभग 200 किलोमीटर की यात्रा के बाद जेल पहुंचे। पूर्वी गोदावरी जिले के पुलिस अधीक्षक पी जगदीश ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि चंद्रबाबू नायडू देर रात करीब एक बजकर 20 मिनट पर जेल पहुंचे। न्यायिक हिरासत के दौरान नायडू को अदालत द्वारा दी गई सुविधाओं में घर का बना खाना, दवाएं और एक विशेष कमरा शामिल है।

73 साल के पूर्व मुख्यमंत्री को उनके जीवन को कथित संभावित खतरे के मद्देनजर जेल के अंदर रहने के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराया गया है। वह जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति हैं। नायडू के बेटे और TDP महासचिव नारा लोकेश अपने पिता के साथ साथ जेल के गेट तक गए और वहां से जाने से पहले कुछ देर तक बाहर इंतजार करते रहे।

हिरासत आदेश के अनुसार, न्यायाधीश ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नायडू के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर विश्वास करने के आधार हैं और जांच पूरी करने के लिए 24 घंटे पर्याप्त नहीं हैं। नायडू को कथित कौशल विकास निगम घोटाला मामले में शनिवार सुबह नंदयाल से गिरफ्तार किया गया था। अपराध जांच विभाग (CID) की टीम ने उन्हें उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह सभी सुविधाओं से लैस अपनी विशेष बस में सो रहे थे।