देश

Published: Mar 12, 2022 10:43 PM IST

Congress Politicsविधानसभा चुनावों में हार के बाद कांग्रेस में उथलपुथल; सोनिया, राहुल और प्रियंका देंगे इस्तीफा!

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

नई दिल्ली. एनडीटीवी (NDTV) की खबर के मुताबिक रविवार को होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (Congress Working Committee) की बैठक में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi), कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) इस्तीफा (Resignation) दे सकते हैं। हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे (Assembly Elections Results) सामने आए। जिसमें देश की सबसे पुरानी कांग्रेस पार्टी (Congress) को करारी हार का सामना पड़ा, जिसे लेकर पार्टी चिंतित है।

निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी ने दिया इस्तीफ़ा

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब सोनिया और राहुल पद छोड़ने की पेशकश कर रहे हैं। इससे पहले, 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रही हैं।

सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होगी बैठक

रिपोर्ट के अनुसार, कल शाम 4 बजे कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक होगी। जिसमें पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों पर चर्चा होगी। इस बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी।

‘जी 23’ समूह की हुई बैठक

गौरतलब है कि, शुक्रवार की शाम को कांग्रेस पार्टी के ‘जी 23’ समूह (G23 Group) के कई नेताओं ने राज्यसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद के आवास पर बैठक की। इस दौरान आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की गई। बैठक में कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा और मनीष तिवारी शामिल हुए।

पांचों राज्यों में कांग्रेस फिसड्डी

उल्लेखनीय है कि, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को मिली शर्मनाक हार मिली है। पंजाब में जहां उसने सत्ता गवाईं, वहीं उत्तराखंड और गोवा में सरकार बनाने का मौका गवां दिया। दोनों राज्यों में उसे क्रमशः 19 और 11 सीटें मिली। मणिपुर में पिछली बार पार्टी को 28 सीटें मिली थी। वहीं, इस बार उसे केवल 5 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। कांग्रेस की सबसे बुरी हालत उत्तर प्रदेश में हुई। राज्य में प्रियंका गांधी की लगातार सक्रियता कोई काम में नहीं आई। यूपी के इतिहास में कांग्रेस अपना सबसे ख़राब प्रदर्शन करते हुए केवल 2 सीट जीत पाई।