क्रिकेट

Published: Feb 27, 2022 10:19 PM IST

Arrestपूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जाने क्या है पूरा मामला?

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Photo:Twitter

मुंबई: पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली को रविवार को बांद्रा पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद बेल पर रिहा किया है। उनपर नशे की हालत में अपनी सोसायटी के गेट में कार से टक्कर मारने का आरोप है। इसके बाद उनकी सोसायटी के लोगों से बहस भी हुई। इसकी जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी।

न्यूज एजेंसी एनआई के अनुसार, बांद्रा पुलिस ने बताया कि पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली को पुलिस ने नशे में कार ठोकने की वजह से गिरफ्तार किया था। उन्हें बाद में बेल मिल गई। उनकी मेडिकल जांच भाभा अस्पताल में की गई है और उनके खून का सैंपल भी सीए के लिए सुरक्षित रखा गया है। मामले की जांच जारी है।

उनके खिलाफ आइपीसी की धारा 279 (तेज ड्राइविंग), 336 (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) और 427 (नुकसान पहुंचाना) के तहत आरोप लगाए गए हैं।

विनोद कांबली ने भारत के लिए 17 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 54.20 की शानदार औसत से 1084 रन बनाए। उनके नाम 4 टेस्ट शतक हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 227 रन था। वनडे करियर की बात करें तो 104 मैच खेले, जबकि 32.59 की औसत से 2477 रन बनाए। इसमें दो शतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ 106 रन रहा।