क्रिकेट

Published: May 06, 2022 04:03 PM IST

IPL 2022रविंद्र जडेजा के फैसले पर ग्रीम स्वान ने कहा- 'उन्होंने स्वीकार किया कि कप्तानी उनके बस की बात नहीं'

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली: आईपीएल 2022 (IPL 2022) की शुरुआत में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की कप्तानी रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) को सौंपी गई थी। लेकिन, वह इस सीजन में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए।  लगातार मैच हारने के बाद जडेजा ने महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) को कप्तानी लौटा दी। जडेजा का कप्तानी छोड़ने का फैसला फैंस और कई बड़े दिग्गज खिलाडियों के लिए हैरान कर देने वाला रहा। कुछ लोगों ने जडेजा के फैसले की तारीफ की, तो कुछ को यह बात बिल्कुल पसंद नहीं आई। 

इसी बीच इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर ग्रीम स्वान (Graeme Swann) ने रविंद्र जडेजा के फैसले को लेकर अपनी राय व्यक्त की है। स्वान ने जडेजा की तारीफ की है। स्वान ने कहा कि जडेजा का यह फैसला बहादुरी भरा है।  इसके साथ ही टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने भी जडेजा के इस फैसले की तारीफ की है। 

हाल ही में ग्रीम स्वान (Graeme Swann) ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, ‘हम सभी की कुछ पसंदीदा टीम होती हैं, जिनके खिलाफ हमें खेलना पसंद होता है। सीएसके ने आरसीबी के खिलाफ पहले अच्छा प्रदर्शन किया है। यह जडेजा के लिए बड़ी बात है कि उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि कप्तानी उनके बस की बात नहीं है।’

स्वान (Graeme Swann) ने आगे कहा, ‘आपके अंदर की मेल ईगो आपको यह कहने से रोकती है। तो उनका ऐसा करना और धोनी को वापस कप्तानी देना बहुत बड़ी बात है। सीएसके के लिए यह अच्छी चीज है।’ वहीं शास्त्री ने कहा, ‘जडेजा का बेबाकी से यह कहना कि कप्तानी मेरे बस की नहीं बड़ी बात है।’