क्रिकेट

Published: May 22, 2022 12:43 PM IST

RCB Reaction on MI Winमुंबई इंडियंस की जीत पर झूम उठे RCB के खिलाड़ी, ख़ुशी से जमकर नाचते दिखे विराट कोहली- Video

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
PIC: @RCBTweets/twitter

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) के इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का इस साल के सीजन में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा। जिसकी वजह से टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी थी। मुंबई ने आईपीएल 2022 में 14 लीग मैचों में सिर्फ 4 मैचों में जीत दर्ज की।

लेकिन मुंबई के इस सीजन का आखिरी मैच बेहद ही रोमांचक था। जिसमें मुंबई को दिल्ली (MI vs DC) के खिलाफ जीत मिली। मुंबई की इस जीत से भले ही उसे कोई फायदा नहीं हुआ, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB In IPL 2022 Playoff) को काफी फायदा हुआ और अब आरसीबी आईपीएल 2022 के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

बीते शनिवार को मुंबई और दिल्ली के बीच हुए मैच में दिल्ली को करारी हार का सामना करना पड़ा। जिसकी वजह से दिल्ली अब आईपीएल के प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है और RCB ने एंट्री कर ली है। मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से मात दी थी और इसी के साथ आरसीबी प्लेऑफ में पहुंच गई। मुंबई की इस जीत के बाद आरसीबी के सभी प्लेयर्स काफी खुश नज़र आए। कप्तान फाफ डुप्लेसी, पूर्व कप्तान विराट कोहली और ऑलराउंडर ग्लेन का जोश तो देखें लायक था। 

दरअसल, RCB ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें पूरी टीम मुंबई और दिल्ली का मुकाबला देखते हुए दिखाई दे रही है। इस वीडियो में देखा जा कि, मुंबई की जीत के बाद मैच सभी खिलाड़ी ख़ुशी से झूम उठते हैं। विराट कोहली शानदार डांस करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। 

मैच की बात करें तो, मुंबई टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। जहां दिल्ली टीम ने मुंबई के सामने 160 रनों का टारगेट रखा। दिल्ली के रोवमैन पॉवेल ने 34 बॉल पर 43 और ऋषभ पंत ने 33 बॉल पर 39 रन बनाए। जबकि जसप्रीत बुमराह ने 3 और रमनदीप सिंह ने 2 विकेट झटके।

वहीं जवाब में मैदान पर उतरी मुंबई टीम ने 5 बॉल शेष रहते 160 रन बनाकर दिल्ली को 5 विकेट से हरा दिया। ओपनर ईशान किशन ने 35 बॉल पर 48 रन, डेवॉल्ड ब्रेविस ने 33 बॉल पर 37 और टिम डेविड ने 11 बॉल पर ताबड़तोड़ 34 रन बनाकर मैच जिताया। इस मुकाबले में बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।