क्रिकेट

Published: May 09, 2022 04:58 PM IST

MS Dhoni T20 Records महेंद्र सिंह धोनी का टी20 में अनूठा रिकॉर्ड, इस मामले में पूरा किया अपना दोहरा शतक

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File photo

मुंबई: टीम इंडिया (Team India) के पूर्व और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni Records) के नाम कई रिकार्ड्स दर्ज हैं। उन्होंने क्रिकेट जगत में एक से बढ़कर एक कारनामे किए हैं। लेकिन, अब उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया है, जिसे बड़े-बड़े दिग्गज भी नहीं कर पाए हैं। धोनी ने कई दिग्गजों को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया है। उनके इस रिकॉर्ड के आसपास भी कोई नहीं है। उन्होंने यह कारनामा बीते मैच में दिल्ली के खिलाफ किया है। 

दरअसल, धोनी टी20 क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर 200 कैच (MS Dhoni 200 Catch Records) लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। अब वह सिर्फ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में ही खेल रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम की कमान संभाल रहे धोनी ने यह कैच का रिकॉर्ड रविवार को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ बनाया है। 

धोनी ने अब तक 347 टी20 मैच खेले हैं, जहां उन्होंने 200 कैच लपके हैं। बीते मुकाबले में धोनी ने दिल्ली के दो प्लेयर के कैच लपके थे। जिसमें से पहला रोवमैन पॉवेल का कैच था और दूसरा कैच शार्दुल ठाकुर का लपका। इन दोनों कैच के साथ उन्होंने बतौर विकेटकीपर टी20 फॉर्मेट में कैचों का अपना दोहरा शतक भी पूरा कर लिया है। धोनी ने यह सभी मैच टीम इंडिया, चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए लपके हैं। 

धोनी ने अपने इन 347 टी20 मैचों में कुल 284 प्लेयर का शिकार किया है। इस दौरान उन्होंने 84 स्टंप आउट किए हैं। जबकि 200 कैच पकड़े हैं। इस रिकॉर्ड के मामले में धोनी के आसपास भी कोई नहीं है। हालांकि, उनके बाद दूसरे नंबर पर दिनेश कार्तिक हैं, जिन्होंने अब तक बतौर विकेटकीपर 299 टी20 मैच खेले, जिनमें 182 कैच लपके हैं।