क्रिकेट

Published: Apr 07, 2023 09:32 PM IST

2011 World Cup Victory MemorialMS Dhoni ने वानखेड़े स्टेडियम में 2011 विश्व कप विजय स्मारक का किया उद्घाटन, माही ने यही जड़ा था ऐतिहासिक विजयी छक्का

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
ANI Photo

मुंबई. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mehendra Singh Dhoni) ने वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में 2011 विश्व कप विजय स्मारक (2011 World Cup victory memorial) का उद्घाटन किया। स्मारक उस स्थान पर बनाया गया है जहां धोनी ने 2011 विश्व कप का ऐतिहासिक विजयी छक्का जड़ा था।

महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) द्वारा आयोजित विशेष समारोह में विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान को एक स्मृति चिन्ह और विजयी छक्का मारने के क्षण का एक विशेष पोस्टर भी भेंट किया गया। पोस्टर में धोनी और युवराज सिंह को ऐतिहासिक क्षण का जश्न मनाते देखा जा सकता है।

एमएस धोनी ने 2 अप्रैल को खेले गए 2011 विश्व कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ भारत के सफल लक्ष्य का पीछा करते हुए विजयी छक्का लगाया था, जो भारतीय क्रिकेट के इतिहास का हिस्सा बन गया। धोनी ने नुवान कुलसेकरा को लांग ऑन स्टैंड में छक्का मारा था। जिसके बाद धोनी ने खुशी से अपनी बाहें उठाईं और अपने साथी बल्लेबाज युवराज सिंह के साथ जश्न मनाया था।

एमएस धोनी ने 2011 विश्व कप में भारत का गौरव बढ़ाया। फाइनल में 275 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत में भारत की पारी लड़खड़ाई थी। वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर काफी जल्दी आउट हो गए थे। इसके बाद गौतम गंभीर और महेंद्र सिंह धोनी ने शानदार बल्लेबाजी की थी।

धोनी ने मुथैया मुरलीधरन सहित श्रीलंकाई स्पिनरों पर आक्रमण किया और 91 रन बनाकर नाबाद रहे। गौतम गंभीर ने सर्वाधिक 97 रन बनाए जिससे भारत ने विश्व कप ट्रॉफी के लिए 28 साल का लंबा इंतजार खत्म किया।