क्रिकेट

Published: May 09, 2022 06:17 PM IST

Shahid Afridi Vs Danish Kaneria‘भारत हमारा दुश्मन नहीं है...’, शहीद अफरीदी के बयान पर भड़के पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: यह बात तो सभी जानते हैं कि भारत और पाकिस्तान स्पोर्ट्स में कितने बड़े प्रतिद्वंदी हैं। क्रिकेट जगत में अक्सर उनकी तकरार देखने मिलती है। ऐसे में इन दिनों सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स के बीच तीखी बहस छिड़ी हुई है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी और पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया कई मसलों को लेकर आमने-सामने आ चुके हैं। इस बहस में अब भारत की भी एंट्री हुई है, क्योंकि दानिश कनेरिया ने शाहिद अफरीदी के एक बयान पर जवाब देते हुए कहा है कि भारत हमारा दुश्मन नहीं है।

शाहिद अफरीदी के बयान पर दानिश कनेरिया ने जवाब देते हुए कहा, ‘भारत हमारा दुश्मन नहीं है। हमारे दुश्मन वो लोग हैं, जो हमें धर्म के नाम पर भड़का रहे हैं। अगर आपको लगता है कि भारत हमारा दुश्मन है, तो कभी किसी भारतीय चैनल पर मत जाइए’। 

दरअसल, दानिश कनेरिया और शाहिद अफरीदी के बीच काफी समय से बहस चल रही है। हाल ही में एक इंटरव्यू में दानिश कनेरिया ने शाहिद अफरीदी पर बड़े आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि शाहिद ने उन्हें कई बार इस्लाम धर्म अपनाने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने कभी भी अफरीदी की बातों को सीरियसली नहीं लिया था।

दानिश कनेरिया ने इसके अलावा शाहिद अफरीदी पर गलत व्यवहार, परेशान किए जाने समेत कई आरोप लगाए थे। वहीं शाहिद अफरीदी ने एक इंटरव्यू में इन आरोपों को जवाब दिया और कहा कि अगर दानिश मेरे व्यवहार से दिक्कत थी, तो उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से शिकायत क्यों नहीं की। वह हमारे दुश्मन देश (भारत) को इंटरव्यू दे रहे हैं, ऐसी चीज़ों धार्मिक भावनाओं को भड़का सकती हैं। 

शाहिद अफरीदी ने आगे कहा कि, जो व्यक्ति मुझपर आरोप लगा रहा है, वह पहले अपना कैरेक्टर देखे। वह सिर्फ पैसों और सस्ती लोकप्रियता के लिए यह सब कर रहे हैं। इसलिए उनकी इन साड़ी बातों पर ध्यान न दें। शाहिद अफरीदी यहां ही नहीं रुके, उन्होंने आरोप लगाया कि दानिश कनेरिया ने स्पॉट फिक्सिंग करके देश का नाम भी खराब किया है। 

गौरतलब है कि, दानिश कनेरिया ने पाकिस्तान के लिए 61 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 261 विकेट हैं। रिटायरमेंट के बाद दानिश कनेरिया ने बहुत बार यह आरोप लगाया था कि हिन्दू होने की वजह से उनके साथ बहुत बार पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के ड्रेसिंग रूम में दुर्व्यवहार किया गया है।