हॉकी
Published: Sep 30, 2023 09:06 PM ISTAsian Games 2023हॉकी में भारत ने पाकिस्तान को 10-2 से दी करारी शिकस्त, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दागे 4 गोल
नवभारत स्पोर्ट्स डेस्क: 19वें एशियन गेम्स 2023 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 10-2 से करारी शिकस्त दी। भारतीय टीम की यह लगातार चौथी जीत है। इसी के साथ भारत ने सेमीफाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर ली है। अब भारत का आखिरी पूल-ए मुकाबले में बांग्लादेश से सामना होगा।
हरमनप्रीत ने 11वें, 17वें, 33वें और 34वें मिनट में गोल किये जबकि वरुण कुमार (41वें और 54वें) ने दो गोल किए। मनदीप सिंह (आठवें), सुमित (30वें), शमशेर सिंह (46वें) और अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे ललित कुमार उपाध्याय (49वें)गोल करने वाले अन्य खिलाड़ी रहे। पूरी तरह से भारतीय दबदबे वाले मुकाबले में मोहम्मद खान (38वें) और अब्दुल राणा (45वें) ने गोल कर पाकिस्तान के हार के अंतर को कम किया।
भारत-पाकिस्तान हॉकी के इतिहास में सबसे बड़ी जीत
आठ गोल के अंतर से मिली जीत भारत-पाकिस्तान हॉकी के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी जीत है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत की इससे पहले सबसे बड़ी जीत का अंतर 2017 में 7-1 था। पाकिस्तान ने भी इसी अंतर से भारत के खिलाफ सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। पाकिस्तान ने यह नतीजा 1982 में दिल्ली में हुए एशियाई खेलों के फाइनल में हासिल किया था। भारत ने इस तरह शनिवार के मैच में 41 साल पहले की उस अपमानजनक हार का बदला ले लिया। भारतीय टीम ने लगातार चार जीत के बाद 12 अंक के साथ पूल ए में अपना शीर्ष स्थान पक्का कर लिया है। टीम को पूल के अपने आखिरी मुकाबले में दो अक्टूबर को बांग्लादेश का सामना करना है।
हॉकी में पाकिस्तान का दबदबा
गौरतलब है कि 2013 से लेकर अब तक भारत और पाकिस्तान के बीच 25 मैच खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 17 और पाकिस्तान ने पांच मुकाबले जीते हैं। जबकि, तीन मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए। ओवरऑल दोनों देशों के बीच 180 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया ने 66 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को 82 मुकाबलों में जीत मिली है। 32 मैच ड्रॉ रहे।