हॉकी

Published: Feb 24, 2024 09:18 AM IST

Indian Women’s Hockey Team 'यहां सम्मान नहीं मिलता..' अपमानित होने का आरोप लगाकर भारतीय महिला हॉकी टीम की मुख्य कोच ने दिया इस्तीफा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
यानेक शॉपमैन (फाइल फोटो)

नई दिल्ली: भारतीय महिला हॉकी टीम की मुख्य कोच (Indian Women’s Hockey Team Head coach) यानेक शॉपमैन (Yanek Shopman) ने राष्ट्रीय महासंघ द्वारा सम्मान और अहमियत नहीं दिये जाने का दावा करके हंगामा करने के कुछ दिन बाद शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। डच (Dutch) कोच ने 2021 में सोर्ड मरीन (Sword Marine) की जगह ली थी जिन्होंने टीम को तोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर पहुंचाया था। 

शोपमैन का अनुबंध इस साल पेरिस ओलंपिक के बाद अगस्त में समाप्त होना था। लेकिन उनकी हालिया आलोचनात्मक टिप्पणियों के बाद उम्मीद की जा रही थी कि वह इस पद पर जारी नहीं रहेंगी। हॉकी इंडिया (एचआई) ने बताया कि 46 वर्षीय कोच ने ओडिशा में एफआईएच हॉकी प्रो लीग के घरेलू चरण में टीम का अभियान खत्म होने के बाद हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की को अपना इस्तीफा सौंप दिया। 

हॉकी इंडिया ने कहा, ‘‘हालिया ओलंपिक क्वालीफायर में निराशा के बाद उनके इस्तीफे ने हॉकी इंडिया के लिए महिला हॉकी टीम के लिए एक उपयुक्त मुख्य कोच की तलाश का मार्ग प्रशस्त कर दिया है जो 2026 में अगले महिला विश्व कप और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए भारतीय टीम को तैयार कर सके।” बयान में कहा गया, ‘‘यह भारतीय महिला हॉकी में एक नया अध्याय शुरू करने का समय है जिसमें खिलाड़ियों की प्रगति हमारा फोकस है। ”  

(एजेंसी)