महाराष्ट्र

Published: Apr 04, 2022 03:15 PM IST

Flight Emergency Landingअहमदाबाद से लखनऊ जा रहे विमान की नागपुर में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, 54 लोग थे सवार, जानें वजह

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नागपुर: नागपुर (Nagpur) में आज एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग (Flight Emergency Landing) करानी पड़ी। यह विमान इंडिगो एयरलाइंस (Indigo Airline) का है। इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6E 7074 अहमदाबाद (Ahmedabad) से नागपुर होते हुए लखनऊ जा रहा था। इंडिगो के इस विमान में 50 यात्री और 4 स्टाफ मेंबर सवार थे। वहीं, विमान  ने सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर अहमदाबाद से उड़ान भरी थी।

पायलट को अचानक विमान में धुआं नज़र आया, जिसके बाद इस विमान की सुबह 8 बजकर 33 मिनट पर नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हालांकि, इस दौरान किसी यात्री को चोट लगने की खबर फिलहाल नहीं है। सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल में ले जाया गया है।

विमान की जांच के लिए इंजीनियर की टीम मौजूद है। यात्रियों को उनकी सुविधा अनुसार नागपुर, दिल्ली, या लखनऊ पहुंचाया जा रहा है। वहीं कुछ लोगों ने अपनी आगे की यात्रा भी स्थगित कर दी है।

इससे पहले भी इंडिगो के एक विमान में तकनीकी खराबी आई थी। यह विमान झारखंड के रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से कोलकाता जाने वाला था। लेकिन विमान में उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी आई थी। 

रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया कि, रांची से इंडिगो की सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर कोलकाता जाने के लिए विमान उड़ान भरने के लिए तैयार था। तभी विमान का एसी बंद हो गया और तेज आवाज सुनाई दी। 

उन्होंने बताया था कि, विमान से आवाज आने के बाद पायलट ने तुरंत विमान को रोककर उसे पार्किंग में लाया। वहीं, विमान से सभी यात्रियों को उतारने के बाद विमान की जांच की गई।