अहमदनगर

Published: Dec 08, 2023 10:53 AM IST

Child Got Heart Attack अहमदनगर: पतंग के पीछे भागते भागते आया 7वीं कक्षा के मासूम को 'हार्ट अटैक', मौत से गांव में छाया मातम

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
7वीं कक्षा के बच्चे को 'हार्ट अटैक'

अहमदनगर/कोपरगांव: जहां सूबे में बीते कुछ दिनों में बच्चों में ‘हार्ट अटैक’ की घटनाएं अचानक बढ़ रही हैं। इसी क्रम में अब स्कूली बच्चों में भी ‘हार्ट अटैक’ (Heart Attack) देखने को मिल रहा है। कुछ ऐसा ही घटित हुआ अहमदनगर जिले के कोपरगांव तालुका (Kopargaon) में। यहां उडती पतंग का पीछा करते हुए एक छात्र की दिल का दौरा पड़ने से दुखद मृत्यु हो गई। इस घटना से कोपरगांव में सनसनी फैली हुई है। वहीं इस मासूम स्कूली छात्र की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट चूका है।

मिली जानकारी के अनुसार अहमदनगर के कोपरगांव तालुका के सोनेवाड़ी (Sonewadi) में जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय के सातवीं कक्षा के छात्र की बीते मंगलवार 5 दिसंबर को शाम छह बजे के बीच दुखद मृत्यु हो गई। खबर के अनुसार कक्षा सातवीं में पढ़ने वाला साहिल भाऊसाहेब गांगुर्डे बीते मंगलवार को हमेशा की तरह स्कूल पहुंचा था। 

वहीं स्कूल में शाम 5 बजे तक पढ़ाई के साथ-साथ वह अन्य छात्रों के साथ बाकायदा खेलों में भी शामिल हुआ। स्कूल ख़त्म होने के बाद साहिल घर पहुंचा। वहीं घर पहुंचने के बाद माता-पिता द्वारा साप्ताहिक बाजार से लाई हुई मिठाई भी साहिल ने खाई थी।मिठाई खाने के बाद साहिल घर के पास पतंग उड़ा रहे बच्चों के पीछे मस्ती में दौड़ा। ये सभी बच्चे अपने साथ एक स्टिक से पतंग को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे।

साहिल भी इसी एक पतंग को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ा। दौड़ते हुए उसने मांझे से टूटी हुई पतंग तो पकड़ ली, लेकिन इतनी जोर से भागा कि उसकी सांसें ही जैसे अटक गईं। घटना के बाद जब जब पिता भाऊसाहेब गांगुर्डे और मां सोनाली गांगुर्डे को इस बात का एहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत उसे गांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती करने के लिए दौड़े। 

लेकिन साहिल की हालत गंभीर होने का चलते डॉक्टर ने उन्हें कोपरगांव में भर्ती कराने को कहा। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। दरअसल बहुत तेज दौड़ने के चलते मासूम साहिल की सांसें थम चुकीं थी। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे दिन सोनेवाड़ी गांव में मातम छाया रहा।