औरंगाबाद

Published: Oct 28, 2021 09:05 PM IST

Aurangabadहाथगाड़ियों से मुक्त हुए औरंगाबाद के प्रमुख व्यापार पेठ

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम

औरंगाबाद : शहर के प्रमुख व्यापार पेठ गुलमंडी, पैठण गेट, सिटी चौक  (City Chowk) में बड़े पैमाने पर  हाथगाड़ी (Hand Cart) धारक सड़कों पर व्यवसाय करने से आए दिन यातायात की गंभीर समस्या निर्माण होने के साथ ही व्यापारियों के व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा था। इस पर परिसर के व्यापारियों ने महानगरपालिका प्रशासन (Municipal Administration) से तत्काल प्रमुख व्यापार पेठ में लगी सभी हाथगड़ियों  को हटाने की मांग की थी। इस मांग पर महानगरपालिका प्रशासन ने शहर यातायात के साथ गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों हाथगाड़ियों को हटाया।

महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त रविन्द्र निकम ने बताया कि शहर के प्रमुख व्यापार पेठों के व्यापारियों ने दुकानों के बाहर लग रहे हाथगाड़ियों  को तत्काल हटाने की मांग की थी। व्यापारियों का कहना था कि इन दिनों दिवाली को लेकर बड़े पैमाने पर खरीददारी के लिए लोग मार्केट में आ रहे है। लेकिन, हर दुकान के सामने हाथगाड़ी वालों के डेरा जमाने से हमें व्यापार करने में कई दिक्कते आ रही है। व्यापारियों के इन शिकायतों पर गुरुवार को महानगरपालिका के अतिक्रमण विभाग और शहर यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई पैठण गेट, गुलमंडी, सिटी चौक, सराफा परिसर में करते हुए सैकडों हाथगाड़ियों को हटाया। बल्कि, कई हाथगाड़ियों को जब्त करने की कार्रवाई की गई।

शहागंज परिसर में रास्ते पर प्लास्टिक का शेड तैयार कर अतिक्रमण किया गया था। गुलमंडी परिसर में सड़कों पर लगे सभी टेबल जब्त किए गए। सराफा में दो व्यापारियों ने सड़कों के बीचो बीच दुकान के सामने लोहे की जालियां लगायी थी। उक्त अतिक्रमण भी महानगरपालिका प्रशासन द्वारा हटाया गया। दिन भर में महानगरपालिका के अतिक्रमण विभाग ने सड़क पर यातायात में बाधाएं डालने वाले सभी पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई महानगरपालिका प्रशासक आस्तिक कुमार पांडेय के आदेश पर और  अतिरिक्त आयुक्त रविन्द्र निकम के मार्गदर्शन में यातायात शाखा के पीआई नितिन कोमे, पदनिर्देशित अधिकारी वसंत भोई, इमारत निरीक्षक सैयद जमशीद, पुलिस कर्मचारी तुपे, पठाण आदि ने पूरी की। महानगरपालिका द्वारा की गई कार्रवाई पर व्यापारियों ने महानगरपालिका प्रशासन का आभार माना।