औरंगाबाद

Published: Apr 20, 2024 08:48 PM IST

Aurangabad Lok Sabha Seatशिंदे गुट से संदीपन भुमरे लड़ेंगे औरगांबाद से लोकसभा चुनाव, उद्धव गुट के चंद्रकांत खैरे से होगा मुकाबला

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: शिवसेना ने महाराष्ट्र की औरंगाबाद लोकसभा सीट से राज्य के मंत्री संदीपन भुमरे को टिकट देने की शनिवार को घोषणा की। रोजगार गारंटी योजना और बागवानी मंत्रालयों का नेतृत्व करने वाले भुमरे का मुकाबला औरंगाबाद सीट (अब छत्रपति संभाजीनगर) पर शिवसेना (यूबीटी) नेता चंद्रकांत खैरे और एआईएमआईएम के इम्तियाज जलील से होगा।

शिवसेना ने अब तक मुंबई दक्षिण मध्य और कल्याण सहित 11 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। शिवसेना सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा है, जिसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल है। औरंगाबाद लोकसभा सीट पर आम चुनाव के चौथे चरण में 13 मई को मतदान होगा। अविभाजित शिवसेना ने 1989 के बाद से औरंगाबाद में छह बार जीत हासिल की है, लेकिन पांच साल पहले पार्टी को तब झटका लगा, जब उसके वरिष्ठ नेता खैरे को जलील के हाथों अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा, जो करीब 4,500 वोट के मामूली अंतर से जीते थे।

बताया जा रहा है कि 18 फरवरी को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में छत्रपति संभाजीनगर में पार्टी के अहम नेताओं की बैठक हुई थी। इस बैठक में भूमरे के नाम पर मुहर लगी थी। हालांकि, इस सीट को लेकर महायुती में खींचतान चल रही थी, इसलिए शिंदे गुट ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया था।

मराठा आरक्षण के लिए अदालती लड़ाई लड़ने वाले और मराठा क्रांति मोर्चा के संयोजक विनोद पाटिल भी छत्रपति संभाजीनगर से नामांकन पाने की कोशिश कर रहे थे। विनोद पाटिल ने कहा था कि महायुती में अगर शिंदे गुट को यह सीट मिलती है तो हम एकनाथ शिंदे से इस सीट और उम्मीदवारी पर चर्चा करेंगे। हालांकि, शिंदे गुट के अन्य इच्छुक नेताओं और विनोद पटल को दरकिनार करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संभाजीनगर से संदीपन भूमरे को लोकसभा उम्मीदवार के रूप में नामित किया है।