महाराष्ट्र

Published: Sep 19, 2022 01:04 PM IST

Reservationमहाराष्ट्र के पूर्व सीएम सुशील कुमार शिंदे का बड़ा बयान, 'मेरा दामाद गुजराती इसलिए मैंने वहां आरक्षण दिया'

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे (Sushil Kumar Shinde) ने अपने ही पार्टी के लोगों पर निशाना साधा है। सुशिल कुमार शिंदे फ़िलहाल सोलापुर (Solapur) दौरे पर है। इस दौरान एक कार्यक्रम में उन्होंने आरक्षण पर ऐसा बयान दिया, जिसे सुन सब हैरान रह गए। सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि, ‘जब मैं राज्य का मुख्यमंत्री था, उस समय मैंने गुजराती समाज को 2 परसेंट आरक्षण दिया था। मैंने इसलिए आरक्षण दिया क्योंकि मेरा दामाद गुजराती है।’

मिली हुई जानकारी के मुताबिक, सुशील कुमार शिंदे (Sushil Kumar Shinde) सोलापुर में गुजराती समाज के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान शिंदे ने वहां के लोगों को संबोधित करते हुए खुद की ही मुश्किलें बढ़ा दी है। सुशील कुमार शिंदे ने हंसते और मजाकिया अंदाज में कहा कि, ‘जब मैं राज्य का मुख्यमंत्री था, उस वक्त मैंने गुजराती समाज को 2 प्रतिशत आरक्षण दिया था। ये एक अच्छा काम मैंने किया था, लेकिन लोग अब भूल गए हैं कि सुशील कुमार शिंदे ने कोई अच्छा काम किया था। आरक्षण इसलिए दिया क्योंकि मेरा दामाद गुजराती है।’

सुशील कुमार शिंदे (Sushil Kumar Shinde) ने गुजराती आरक्षण के साथ कांग्रेस को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। शिंदे ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि, ‘उन्होंने कांग्रेस में साजिशों को पढ़ा है। पार्टी के लोगों ने साजिश कर मुझे मुख्यमंत्री पद से हटा दिया। लेकिन तब से अब तक वे हारे हुए हैं।’

पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री ने आगे कहा कि, ‘लेकिन लोगों को पता है कि, कैसे मुझे साजिश कर मुख्यमंत्री पद से हटाकर आंध्रप्रदेश का राज्यपाल बनाया गया। पर ठीक है। उसके बाद मैं केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी शामिल हुआ। लेकिन, जिसे एक बार हार मिली है, वह आज तक जीत का स्वाद चख नहीं पाए है। फिर भी मुझे ऐसा लगता है कि हमे ईमानदारी से अपना काम करते रहना चाहिए।’ 

शिंदे ने सोलापुर के लोगों को संबोधित करते हुए कहा है कि, ‘मैंने अपने दामाद की वजह से गुजराती समुदाय को आरक्षण दिया। जब उन्हें अपने दामाद का ख्याल रखने के लिए कहा जाता है तो उन्हें यह सब करना पड़ता है।’