महाराष्ट्र

Published: Apr 07, 2024 01:55 PM IST

Maharashtra Politicsफडणवीस-एकनाथ खडसे के समीकरण पर बावनकुले ने कही ये बड़ी बात

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Pic: Google

पुणे: सात अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने रविवार को कहा कि राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अनुभवी नेता एकनाथ खडसे का कभी विरोध नहीं किया। खडसे ने करीब तीन साल पहले भाजपा की राज्य इकाई के नेतृत्व के साथ मतभेदों के बाद पार्टी के साथ 40 साल पुराना अपना रिश्ता खत्म कर दिया था और वह शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अविभाजित) में शामिल हो गए थे। खडसे ने शनिवार को कहा कि वह अगले सप्ताह नयी दिल्ली में अपनी मूल पार्टी में शामिल होंगे। पूर्ववर्ती देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री रहे खडसे ने एक भूमि सौदे के मामले को लेकर 2016 में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। लंबे इंतजार के बाद शरद पवार की अगुवाई वाली अविभाजित राकांपा ने उन्हें अपना सदस्य बनाया था।

खडसे ने फडणवीस और उनके विश्वासपात्र गिरीश महाजन को उनके राजनीतिक करियर को नुकसान पहुंचाने का जिम्मेदार बताया था। बावनकुले ने यहां मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘हमारी पार्टी की एक केंद्रीय और राज्य समिति है जो पार्टी में शामिल होने वाले नए लोगों के मामलों को देखती है। दोनों समितियां एकनाथ खडसे के भाजपा में शामिल होने पर निर्णय लेंगी।” उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ खडसे का कभी विरोध नहीं किया, बल्कि उनके मन में खडसे के प्रति बहुत सम्मान था। हमारी पार्टी द्वारा गठित समितियां अंतिम निर्णय लेंगी।” बावनकुले ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यहां भाजपा के ‘घर चलो’ अभियान में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी किसी को पार्टी में शामिल होने से मना नहीं किया। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘अशोक चव्हाण, अर्चना पाटिल सहित कई नेता हमारी पार्टी में शामिल हुए। जो लोग हमारी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए हमारा (पार्टी का) दुपट्टा तैयार है।” महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने इस साल फरवरी में कांग्रेस छोड़ दी थी और वह भाजपा में शामिल हो गए थे। बाद में भाजपा ने उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया और वह संसद के उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुने गए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल की पुत्रवधू अर्चना पाटिल भी हाल में भाजपा में शामिल हुईं। खडसे के भाजपा में प्रवेश से उत्तर महाराष्ट्र क्षेत्र में पार्टी की ताकत फिर से बढ़ने की संभावना है। उनकी पुत्रवधू रक्षा खडसे रावेर से मौजूदा भाजपा सांसद हैं, जो आगामी चुनाव में लोकसभा के लिए तीसरी बार चुनाव लड़ेंगी। उनकी बेटी रोहिणी खडसे राकांपा (शरदचंद्र पवार) में हैं। (एजेंसी)