महाराष्ट्र

Published: Mar 26, 2024 10:33 PM IST

Maharashtra Politicsमहाराष्ट्र में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका, पूर्व विधायक डॉ. नामदेव उसेंडी BJP में शामिल

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नागपुर. महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. नामदेव उसेंडी ने मंगलवार (26 मार्च) दोपहर अपने पद से इस्तीफा दे दिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उसेंडी नागपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए।

नामदेव किरसन की उम्मीदवारी की घोषणा से नाखुश डॉ. नामदेव उसेंडी ने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में टिकट बंटवारे में पैसे का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा, “उम्मीद थी कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस के प्रदेश महासचिव के जरिए आदिवासियों को न्याय मिलेगा।” उन्होंने कहा, “गडचिरोली जिले का नेता होने के नाते मैंने गडचिरोली-चिमूर लोकसभा सीट से उम्मीदवारी की मांग की थी। मुझे स्थानीय और राज्य स्तर पर मेरे काम को देखने के बाद उम्मीदवारी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन स्थानीय और राज्य स्तर के कांग्रेस नेतृत्व की साजिश से गडचिरोली-चिमूर लोकसभा क्षेत्र में बाहर के व्यक्ति को लाया गया।”

उसेंडी ने  कहा, “लोकसभा क्षेत्र के बाहर के व्यक्ति को उम्मीदवारी देना इस स्थानीय नेतृत्व के साथ अन्याय है। अगर स्थानीय और प्रदेश स्तर पर कांग्रेस नेतृत्व पार्टी के लिए दिन-रात काम करने वाले कार्यकर्ताओं को न्याय नहीं दे सकता क्योंकि वे गुटबाजी से पीड़ित हैं, ऐसे में इस क्षेत्र के लोगों को कैसे न्याय मिलेगा।”

डॉ. उसेंडी 2009 में कांग्रेस के टिकट पर गड़चिरोली विधानसभा क्षेत्र से चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने 2014 और 2019 दोनों लोकसभा चुनावों में अपनी किस्मत आजमाई लेकिन असफल रहे। इस बार उन्हें लोकसभा की टिकट मिलने की उम्मीद थी लेकिन पार्टी ने गडचिरोली-चिमूर लोकसभा सीट से नामदेव किरसन को मैदान में उतारा है।