गोंदिया

Published: Apr 26, 2022 09:41 PM IST

Fire in Nagar Panchayatनगर पंचायत में आग; सरकारी दस्तावेज नष्ट, अज्ञात के खिलाफ शिकायत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

सालेकसा.  पिछले चार वर्षों से सुर्खियों में बनी रही सालेकसा नगर पंचायत में 26 अप्रैल की सुबह करीब चार बजे आग लग गई. घटना के बाद हड़कंप मच गया. इसके सीसीटीवी फुटेज से मिल रहे संकेतों के अनुसार यह  आग लगाई गई  है और उसे लेकर जांच जारी है. आगजनी की इस घटना में कार्यालय में रखे जरूरी दस्तावेज जलकर खाक हो गए.

नपं के तहत  सालेकसा के साथ ही मुरुमटोला, हलबीटोला, जांभडी, कलसर्रा, आमगांव खुर्द का  समावेश हैं. इसमें सालेकसा ग्राम पंचायत के अस्तित्व के दौरान कई दस्तावेज जलने से आम नागरिकों को परेशानी का शिकार होना पड़ेगा. इसमें  घरकुल फाइल-प्रस्ताव, जन्म-मृत्यु अभिलेख, विवाह पंजीकरण व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए  हैं. 

हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आग किसने लगाई. नगर पंचायत के कर्मचारियों ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराने की जानकारी मिली है. आग से नगर पंचायत काल के दस्तावेजों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ जबकि ग्रापं काल के  पुराने दस्तावेज जलकर खाक हो गए.  पुलिस विभाग, नपं कर्मचारियों ने पंचनामा किया है.  जांच सालेकसा पुलिस कर रही है. 

 इस संदर्भ में नपं लेखापाल संदीप लहाने ने बताया कि पहले रात करीब दो बजे आग लगाने का  प्रयास किया गया इसमें नाकाम होने के बाद 4.30 बजे फिर से प्रयास किया गया. यह घटना  सीसीटीवी कैमरे में देखी जा सकती है.